योगी पर जमकर बरसे चंद्रशेखर, कहा- CM के लिए इंसान से ज्यादा गाय कीमती

punjabkesari.in Monday, Jan 21, 2019 - 11:25 AM (IST)

महोबाः लोकसभा चुनाव को अब कुछ ही समय बाकी रह गया है। सियासी रण में जीत का शंखनाद करने के उद्देश्य से हर पार्टी, सगठंन एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। वहीं दलितों के नेता और मसीहा के रूप में उभरने वाले भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर भी बीजेपी पर जमकर बरस रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने सीएम योगी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सीएम के लिए गाय ज्यादा कीमती हो गई है। उनके लिए इंसान की जान की कीमत नहीं है।  

चंद्रशेखर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जबसे भाजपा की सरकार आई है तब से सीएम के लिए गाय ज्यादा कीमती हो गई है। उनके लिए इंसान की जान की कीमत नहीं है। उन्हें गाय अधिक प्यारी है  तो उसे सचिवालय में या सीएम आवास में रखें। गाय के नाम पर मुस्लिमों को मारा जा रहा है। आरक्षण के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि देश में आबादी के हिसाब से आरक्षण होना चाहिए। हमें आरक्षण नौकरी अथवा प्रमोशन के लिए नहीं चाहिए। शासन की हिस्सेदारी के लिए हमें आरक्षण चाहिए। भीम आर्मी संगठन बहुत बड़ा है। बहुजन समाज के लोग सत्ता बदल सकते हैं।

इस दौरान चंद्रशेखर ने बहुजन समाज के लोगों से एक होने की अपील की। साथ ही कहा कि अधिकारी न्याय देने का काम करें, जो अधिकारी मदद नहीं करेगा उसको हम एससी एसटी एक्ट का इस्तेमाल कर जेल पहुंचाना जानते हैं। बहुजन समाज को एक जुट होने की बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि अपने छह साल के बच्चों को संविधान पढ़ाओं। देश में आज भी मानसिक गुलामी जारी है। बता दें कि भीम आर्मी एकता मिशन की ओर से महोबा में रविवार को डाकबंगला मैदान में बहुजन समाज बनाओ महारैली का आयोजन किया गया था।
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ruby

Recommended News

Related News

static