140 करोड़ भारतीयों के सपनों के साथ चन्द्रमा पर उतरा चंद्रयान-3: CM योगी

punjabkesari.in Wednesday, Aug 23, 2023 - 06:28 PM (IST)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग पर देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि 140 करोड़ भारतीयों के सपनों के साथ चंद्रमा पर उतरा चंद्रयान-3। इसके साथ ही सीएम योगी ने एक ट्वीट कर लिखा कि यह सफलता समूची पृथ्वी, संपूर्ण मानवता और 'नए आत्मनिर्भर भारत' की सामर्थ्य को समर्पित है। अभिनंदन!...जय हिंद।

बता दें कि चंद्रयान-3 मिशन के जरिए भारत ने आज इतिहास रच दिया। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के चंद्रयान-3 मिशन का लैंडर मॉड्यूल सफलता पूर्वक चंद्रमा की सतह पर उतर गया। लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान से युक्त लैंडर मॉड्यूल ने शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग की और इतिहास रच दिया। इस पर पीएम मोदी ने पूरे देश वासियों को बधाई दी है। उन्होंने बड़ी दिलचस्प बात कहते हुए कहा कि पहले बच्चे कहते थे कि चंदा मामा दूर के, अब बच्चे कहेंगे चंदा मामा टूर के हैं। पीएम ने कहा कि हार से सबक लेकर जीत हासिल की है। सफल मिशन से हर नागरिक जश्न में डूबा हुआ है।

इस सफलता के साथ भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया। इसके साथ ही भारत अमेरिका, चीन और पूर्व सोवियत संघ के बाद चंद्रमा की सतह पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग' करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया। चंद्रमा की सतह पर अमेरिका, पूर्व सोवियत संघ और चीन ‘सॉफ्ट लैंडिंग' कर चुके हैं, हालांकि इनमें से कोई भी देश ऐसा नहीं है जिसकी ‘सॉफ्ट लैंडिंग' चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र में हुई है। चंद्रयान-3 के लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग में 15 से 17 मिनट लगे। चंद्रयान 3 को 14 जुलाई 2023 को दोपहर 2.30 बजे लॉन्च किया गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News

static