CM योगी ने किया अपने नए मंत्रियों के विभागों का बंटवारा, जितिन प्रसाद को प्राविधिक शिक्षा का सौंपा जिम्मा

punjabkesari.in Tuesday, Sep 28, 2021 - 11:46 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने दूसरे विस्तार के दौरान अपने मंत्रिमंडल में शामिल किए गए 7 नए मंत्रियों (7 New Ministers) को सोमवार को विभाग आवंटित कर दिए है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘प्रदेश मंत्रिमंडल में रविवार को शामिल हुए सभी नए सदस्यों को आज विभागों का दायित्व प्राप्त हो गया है।'' उन्होंने बताया कि कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद को प्राविधिक शिक्षा विभाग का दायित्व प्रदान किया गया है। इसके अलावा राज्य मंत्री पल्टू राम को सैनिक कल्‍याण, होमगार्ड, प्रान्‍तीय रक्षक दल एवं नागरिक सुरक्षा विभाग, राज्य मंत्री संगीता बलवंत को सहकारिता विभाग, धर्मवीर प्रजापति को औद्योगिक विकास विभाग का दायित्व दिया गया है। 
PunjabKesari
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य मंत्री छत्रपाल सिंह गंगवार को राजस्‍व विभाग, संजीव कुमार को समाज कल्‍याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्‍याण विभाग और दिनेश खटीक को जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। योगी ने सभी मंत्रियों को बेहतर कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सभी नवनियुक्त मंत्रियों के कुशल, अनुभवी एवं कर्मठ नेतृत्व में संबंधित विभाग विकास की नई ऊंचाइयों को स्पर्श करेंगे।
PunjabKesari
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल के बहुप्रतीक्षित विस्तार के तहत रविवार को कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री रह चुके जितिन प्रसाद समेत सात मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में आयोजित समारोह में जितिन प्रसाद को कैबिनेट मंत्री तथा पलटू राम, धर्मवीर प्रजापति, छत्रपाल गंगवार, संगीता बलवंत, संजीव कुमार गोंड और दिनेश खटिक को राज्य मंत्री पद की शपथ दिलाई थी। इनमें से कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए पूर्व केंद्रीय मानव संसाधन राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ब्राह्मण जाति से ताल्लुक रखते हैं जबकि पलटू राम और दिनेश खटिक अनुसूचित जाति के तथा संजीव कुमार गोंड अनुसूचित जनजाति के हैं। इसके अलावा छत्रपाल गंगवार, धर्मवीर प्रजापति और संगीता बलवंत पिछड़ा वर्ग से आते हैं। यह मंत्रिमंडल विस्तार ऐसे समय किया गया है जब प्रदेश विधानसभा चुनाव को महज चार महीने बाकी रह गए हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static