कांवड़ियों की मौत पर CM योगी ने जताया दुख, मृतक के परिजनों को एक-एक लाख की आर्थिक मदद

punjabkesari.in Saturday, Jul 23, 2022 - 11:59 AM (IST)

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस जिले में आगरा-अलीगढ़ NH - 93 पर भीषण सड़क हादसे में कावड़ियों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद हाथरस में सड़क हादसे में हुई लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।''

मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने और आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। वहीं सीएम योगी ने मृतक के परिजनों को एक- एक लाख की आर्थिक मदद की घोषणा की है।

बता दें कि मृतक कांवड़िए हरिद्वार से कांवड़ लेकर मध्य प्रदेश के ग्वालियर जा रहे थे तभी तेज रफ्तार डंपर ने एक जत्थे को रौंद दिया। जिसमें 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि कई घायल हो गए। आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) राजीव कृष्ण ने बताया कि मध्य प्रदेश में ग्वालियर के कांवड़ियों का एक जत्था हरिद्वार से जल लेकर वापस जा रहा था। उन्होंने कहा कि शुक्रवार-शनिवार की रात करीब सवा दो बजे सादाबाद थाना क्षेत्र में डंपर ने कांवड़ियों को कुचल दिया, जिसमें सात कांवड़िए घायल हो गए। उन्होंने बताया कि छह कांवड़ियों की मौत हो गई तथा एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने हादसे में मृतकों की पहचान जबर सिंह (28), रणवीर (30), मनोज पाल (30), रमेश पाल (30), नरेश पाल (32) और विकास (25) के रूप में की है। एडीजी ने कहा कि विधिक कार्रवाई के कांवड़ियों को ग्वालियर भेज दिया जाएगा। पुलिस डंपर चालक की तलाश कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Recommended News

Related News

static