शिवाजी महाराज की पुण्यतिथि पर CM Yogi ने दी श्रद्धांजलि, कहा- वो अदम्य साहस और शौर्य के प्रतीक, दोनों डिप्टी सीएम ने भी किया नमन

punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 04:43 PM (IST)

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। योगी आदित्यनाथ ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "अदम्य साहस, अप्रतिम शौर्य एवं उत्कृष्ट सुशासन के प्रतीक, 'हिंदवी स्वराज' के संस्थापक, राष्ट्रनायक छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्यतिथि पर कोटिशः नमन।" उन्होंने कहा, "मातृभूमि की रक्षा और सनातन संस्कृति के गौरव की पुनर्स्थापना के लिए उनका समर्पित जीवन और उच्च आदर्श हम सभी के लिए महान प्रेरणा हैं।" 

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। अद्वितीय वीरता, दूरदर्शी नेतृत्व और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण से परिपूर्ण उनका जीवन 'राष्ट्रधर्म' के जीवंत आदर्श के रूप में हमें निरंतर साहस और कर्तव्यपथ पर दृढ़ रहने की प्रेरणा देता है।" 

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 'एक्स' पर अपने संदेश में कहा, "सनातन संस्कृति के ध्वजवाहक, राष्ट्र के गौरव और हिंदवी स्वराज के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन।" छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्म 19 फरवरी 1630 को हुआ था। उन्होंने 17वीं शताब्दी में मराठा साम्राज्य की स्थापना की और तीन अप्रैल 1680 को रायगढ़ में उनकी मृत्यु हो गई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static