Gorakhpur: होलिका दहन शोभायात्रा में शामिल हुए CM योगी, खेली फूलों की होली; उतारी भक्त प्रह्लाद की आरती

punjabkesari.in Monday, Mar 06, 2023 - 09:16 PM (IST)

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सामाजिक समता, उल्लास और उमंग के पर्व होली की बधाई देते हुए कहा कि सनातन संस्कृति के पर्व हजारों वर्षों से धर्म, सत्य व न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं और होलिका दहन का भी यही संदेश है।
PunjabKesari
मुख्यमंत्री ने रामराज्य की बताई परिभाषा
बता दें कि पाण्डेय हाता में सोमवार शाम होलिका दहन उत्सव समिति की ओर से आयोजित होलिका दहन शोभायात्रा के अवसर पर योगी ने कहा कि किसी का शोषण न हो, सबके साथ न्याय हो, इसी को हमारी ऋषि परम्परा में रामराज्य कहा गया है। हमें याद रखना चाहिए कि भक्ति, सत्य और न्याय के मार्ग का अनुसरण करने वाले की सदैव जीत होती है। होलिका दहन का भी यही संदेश है।
PunjabKesari
बिना सहमति न डालें किसी पर रंग, सौहार्द से मनाएं होली
मुख्यमंत्री ने होली के पावन पर्व पर सबके लिए मंगलकामना की। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हजारों वर्षों की सनातन परंपरा का अनुकरण कर सौहार्द से रंगभरी होली मनाएं। सौहार्द से पर्व का उत्साह व उमंग कई गुना बढ़ जाता है। बिना सहमति किसी पर जबरन रंग न डालें। मिलावटी रंग व पेंट का इस्तेमाल न करें। बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों व धर्मस्थल पर रंग न फेकें।

CM योगी ने भक्त प्रह्लाद की आरती उतारी, खेली फूलों की होली
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन के उपरांत होलिका दहन शोभायात्रा के लिए सजाए गए रथ पर अवस्थित भक्त प्रहलाद की आरती उतारी। उनके चित्र पर फूल बरसाने के बाद बड़े ही उमंग से उपस्थित जनसमूह पर पुष्प वर्षा करते हुए फूलों से होली खेली। शोभायात्रा को लेकर लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल ने एक होली गीत सुनाया। आयोजन में विधायक विपिन सिंह, समाजसेवी पीके मल्ल, होलिका दहन उत्सव समिति के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Related News

static