साल के आखिरी सोमवार को CM Yogi ने गोरक्षपीठ में किया रुद्राभिषेक, वैदिक मंत्रों के बीच किया हवन-पूजन; जनता दर्शन में सुनीं लोगों की फरियादें
punjabkesari.in Monday, Dec 29, 2025 - 04:36 PM (IST)
गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर प्रार्थना की। यह अनुष्ठान वैदिक मंत्रों के बीच हवन के साथ संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025 के अंतिम सोमवार को गोरखनाथ मंदिर स्थित अपने आवास की पहली मंजिल पर स्थित शक्ति पीठ में यह अनुष्ठान किया। यह समारोह गोरखपीठ के विद्वान आचार्यों और पुरोहितों द्वारा संपन्न किया गया, जिन्होंने शुक्ल यजुर्वेद के रुद्राष्टाध्यायी का पाठ किया। मुख्यमंत्री योगी ने अभिषेक के बाद वैदिक मंत्रों के बीच हवन किया।
साथ ही सीएम योगी ने प्रचंड ठंड के बीच जनता के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनसेवा का अनुष्ठान जारी रखा। उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन का आयोजन कर लोगों से मुलाकात की। उनकी समस्याएं सुनीं। समस्या लेकर आए लोगों से आत्मीयता से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, 'घबराइए मत... हर समस्या का समाधान कराएंगे और सरकार सबकी भरपूर मदद करेगी।'
सीएम योगी ने सुनीं 150 लोगों की समस्याएं
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने पास में मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पीड़ित व्यक्ति की समस्या पर संवेदनशीलता से ध्यान दें और तत्परता से उसका समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण कराएं। जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनका समाधान करने का निर्देश दिया। कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे। एक.एक कर सबकी समस्याएं सुनीं। उन्हें आश्वस्त किया कि वह सभी की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराएंगे। किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है।

