CM योगी बोले- विभाजन का निर्णय त्रास्दीपूर्ण था, आज पाकिस्तान में खाने के लाले पड़ रहे हैं
punjabkesari.in Monday, Aug 14, 2023 - 05:42 PM (IST)

लखनऊ: स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले आज के दिन यूपी के 75 जिलों में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। योगी ने कहा कि पाकिस्तान की दुर्गति छिपी नहीं है। जो कांटा बोएगा उसे फूल नहीं मिलेगा। देश सबसे पहले होना चाहिए। विभाजन का निर्णय त्रास्दीपूर्ण था। योगी कहा कि आतंकवाद पाकिस्तान को ले डूबा है। पाकिस्तान में खाने के लाले पड़ रहे हैं। स्वार्थ के लिए देश को बांटा था। आज भारत तेजी से तरक्की कर रहा है। पाकिस्तान में कोई सुरक्षित नहीं है। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश सबसे आगे बढ़ रहा है। भारत नई ताकत के रूप में उभर रहा है।
यूपी के साथ ही पूरे देशभर में आजादी का अमृत महोत्सव बड़ी ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। वहीं भारत-पाकिस्तान के बंटवारे के कारण उस वक्त लाखों की तादाद में लोगों ने भारत विभाजन की विभीषिका झेली थी। फिलहाल बीते साल उत्तर प्रदेश सरकार ने विभाजन की विभीषिका को याद करते हुए इस त्रासदी के बारे में युवा पीढ़ी को जागरूक करने के लिए 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' का आयोजन किया था। जिसके चलते इस बार भी ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
क्यों मनाया जाता है ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’
बता दें कि आजादी के समय साल 1947 में देश का विभाजन होने पर लाखों लोगों ने अपने प्राण गंवा दिए थे। इस दौरान भारत से कटकर पाकिस्तान एक नया देश बना था। इस बंटवारे ने जहां लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक व मानसिक रूप से तोड़ा था। वहीं विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के आयोजन का मुख्य उद्देश्य विभाजन के समय जान गंवाने वालों को याद करते हुए आपस में व्याप्त भेदभाव को खत्म कर सामाजिक सद्भाव व मानव सशक्तिकरण की भावना को बढ़ाना है।