''सब्जी में कॉकरोच, फ्रीजर में कीड़े...'' गाजियाबाद के नामचीन रेस्टोरेंट में छापा, किचन देख अफसरों के उड़े होश
punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 12:36 PM (IST)
Ghaziabad News: गाजियाबाद जिले के मोहन नगर में आईटीएस कॉलेज के पास बने एक नामचीन रेस्टोरेंट का बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। जहां फैमिली के साथ बर्थडे सेलिब्रेट करने पहुंची एक युवती की सब्जी में मरा हुआ कॉकरोच निकल आया। जब परिजनों ने विरोध जताया, तो रेस्टोरेंट का स्टाफ गलती मानने के बजाय बहस करने लगा और उल्टे सबूत मिटाने के लिए टेबल से खाना हटा दिया। हालांकि, पीड़िता ने कॉकरोच की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए, जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, दिव्या परिहार अपने भाई गोपाल और परिवार के 6 सदस्यों के साथ बर्थडे की दावत के लिए इस रेस्टोरेंट में गई थीं। करीब 1500 रुपए का बिल बना था। सब लोग खाना खा ही रहे थे कि अचानक परोसी गई सब्जी में मरा हुआ कॉकरोच तैरता दिखा। दिव्या का आरोप है कि जब उन्होंने मैनेजर से शिकायत की, तो आधे घंटे तक ड्रामा चलता रहा। स्टाफ सिर्फ माफी मांगकर मामला रफा-दफा करने में जुटा रहा, लेकिन ना तो शेफ को बुलाया गया और ना ही यह भरोसा दिया गया कि यह गंदा खाना दूसरों को नहीं परोसा जाएगा।
बताया जा रहा है कि जब मामला बढ़ा और वीडियो वायरल हुआ, तो एडीएम सिटी विकास कश्यप और खाद्य विभाग की टीम ने बुधवार को रेस्टोरेंट में सीधे छापा मार दिया। जब अफसरों ने रसोई के भीतर कदम रखा, तो वहां का मंजर देखकर सब हैरान रह गए। पूरी किचन में भयंकर गंदगी थी। इतना ही नहीं, जिस डीप फ्रीजर में खाने-पीने का सामान रखा था, वह टूटा हुआ था और उसके अंदर कीड़े बिलबिला रहे थे।
जांच में ग्राहक की शिकायत शत-प्रतिशत सही पाई गई। खाद्य विभाग की टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए रेस्टोरेंट से पनीर, मस्टर्ड ऑयल, सॉस और पानी के सैंपल सील कर दिए, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए रेस्टोरेंट प्रबंधन को नोटिस थमा दिया है और साफ कर दिया है कि जब तक फूड सेफ्टी के पूरे मानक पूरे नहीं होते, तब तक रेस्टोरेंट की रसोई पूरी तरह बंद रहेगी। अब लैब रिपोर्ट आने के बाद रेस्टोरेंट पर और बड़ा कानूनी शिकंजा कसना तय माना जा रहा है।

