विपक्ष को एक जुट करने की कोशिश कांग्रेस, अखिलेश और मायावती को भेजा 'भारत जोड़ो यात्रा' का निमंत्रण

punjabkesari.in Monday, Dec 26, 2022 - 06:04 PM (IST)

लखनऊ: कांग्रेस ने आगामी तीन जनवरी को उत्तर प्रदेश में दाखिल होने जा रही पार्टी की 'भारत जोड़ो यात्रा' में शिरकत के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुखिया मायावती समेत विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं को निमंत्रण भेजा है। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता अशोक सिंह ने को बताया कि पार्टी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव, बसपा प्रमुख मायावती और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी को भारत जोड़ो यात्रा में शिरकत के लिए सोमवार को निमंत्रण भेजा है।

PunjabKesari

उन्होंने बताया कि इसके अलावा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओमप्रकाश राजभर और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सचिव अतुल अंजान को भी यात्रा का न्योता दिया गया है। सिंह ने बताया कि प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को भी निमंत्रण दिया गया है लेकिन उन्हें लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर के रूप में आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा लखनऊ विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के प्रोफेसर रविकांत को भी यात्रा में शामिल होने का न्योता दिया गया है।

PunjabKesari

गौरतलब है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आगामी तीन जनवरी को गाजियाबाद के लोनी के रास्ते उत्तर प्रदेश में दाखिल होगी। उसके बाद वह बागपत और शामली होते हुए हरियाणा के लिए कूच करेगी। इस दौरान भारत जोड़ो यात्रा तीन दिनों तक उत्तर प्रदेश में ही रहेगी। यात्रा में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ-साथ पार्टी महासचिव तथा दल की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा भी शामिल रहेंगी। यात्रा के प्रदेश समन्वयक पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने पिछले दिनों संवाददाता सममेलन में बताया था कि भारत जोड़ो यात्रा किसी पार्टी की नहीं बल्कि पूरे देश की है और इसमें विभिन्न विपक्षी दलों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

कांग्रेस पार्टी की योजना के अनुसार सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा अगले 150 दिनों में देश के 12 राज्यों और दो केंद्र-शासित प्रदेशों से गुज़र कर 3,570 किलोमीटर का सफर तय करेगी हालांकि यह यात्रा दिल्ली पहुंच चुकी है। पार्टी सूत्रों की मानें तो यह यात्रा जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में समाप्त होगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Recommended News

Related News

static