यूपी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की 75 सीटों पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस: राजेश तिवारी

punjabkesari.in Wednesday, Sep 08, 2021 - 08:15 PM (IST)

लखनऊ: विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर हर तरफ़ राजनीतिक गहमागहमी शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश को केंद्र बनाकर देश का नेतृत्व करने वाली कांग्रेस पार्टी सूबे के हालात से न सिर्फ़ चिंतित है, बल्कि नफ़रत और बदहाली के दलदल से इस प्रदेश को बाहर निकालने के लिए एक वृहत कार्ययोजना के साथ मैदान में है।  इसे लेकर कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी लखनऊ में  पहुंचे जिनका प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सहित नेता एवं कार्यकर्ताओ ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 75 सीटों पर कांग्रेस अपने बलबूते पर कांग्रेस प्रभारी  प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में लड़ेगी।

इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश की 403 विधानसभाओं में पहले दौर का प्रशिक्षण से पराक्रम अभियान चलाया गया। इस अभियान के ज़रिये अब तक 24 हज़ार कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। किसी भी दल को गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए कि कांग्रेस पार्टी गठबंधन को आतुर है। कुछ राजनीतिक दल एसी हाल में बैठकर गोष्ठी कर रहे हैं। उनमें जमीन पर संघर्ष करने का माद्दा नहीं है। जबकि कांग्रेस लगातार सड़कों पर उतरकर योगी सरकार की विफलताओं और जनविरोधी नीतियों के खि़लाफ़ लगातार संघर्ष करती रही है। उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के निर्देश पर पूरे प्रदेश में संगठन मज़बूत किया जा चुका है। आज उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का न्याय पंचायत के स्तर तक ढांचा खड़ा हो गया है जिसे बूथ स्तर तक ले जाने की तैयारी है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को वैचारिक सेना में तब्दील करने के उद्देश्य से चल रहे प्रशिक्षण अभियान के तहत कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को नये सिरे से कांग्रेस के इतिहास, उपलब्धियों और विचारधारा से लैस किया जा रहा है।

उन्होंने विपक्षी दलों की विफलताओं और उनकी रीति नीति की जानकारी दी जा रही है। कांग्रेस के कार्यकर्ता ज़मीनी स्तर पर सत्ता और विपक्ष होने का नाटक करने वाले दलों के हर जुमले और छल का जवाब देने में जुट हो गये हैं। चुनाव के मोर्चे के साथ-साथ पार्टी को प्रदेश और देश बचाने की लड़ाई भी लड़नी है क्योंकि जिस संविधान के आधार पर आधुनिक और सेक्युलर भारत की बुनियाद रखी गयी थी, आज आरएसएस और उसके राजनीतिक प्रकोष्ठ बीजेपी के शासन में वह सर्वाधिक निशाने पर है। कांग्रेस पार्टी यूपी की राजनीति दिशा बदलने के लिए मैदान में उतरी है। यही वजह है कि कांग्रेस राष्ट्रवाद का मुकाबला करने के लिए संविधान आधारित राष्ट्रवाद का झंडा बुलंद करने वाले कार्यकर्ताओं की फौज तैयार करने में जुटी है।  

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू  ने कहा कि प्रशिक्षण से पराक्रम महाभियान’अभियान 24 अगस्त से शुरू हुआ था जो 7 सितंबर तक चला। इस दौरान प्रदेश के सभी 75 ज़िलों में कांग्रेस की ज़िला-शहर कमेटियों से लेकर ब्लॉक, न्याय पंचायत कमेटियों तक के पदाधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी प्रशिक्षण दिया गया। पार्टी के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की इस टीम ने देश पर छाये मौजूदा संकट और कांग्रेस की ऐतिहासिक ज़िम्मेदारी के बारे में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया। इस बात पर विशेष चर्चा हुई कि किस तरह बीते 32 साल में बीजेपी, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने यूपी की सूरत बिगाड़ दी है और इतिहास की पुकार है कि कांग्रेस अपनी उसी ध्वज के साथ तिरंगा लेकर मैदान में उतरे जैसा कि उसने महात्मा गांधी के नेतृत्व में आज़ादी की लड़ाई लड़ी थी।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने कहा कि  पार्टी का साफ़ मानना है कि यूपी की योगी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए लिहाज़ से सपा और बसपा कोई विकल्प नहीं हैं। यूपी के सभी वर्ग-समुदाय अब कांग्रेस की ओर आशा भरी निगाह से देख रहे हैं। प्रियंका गाँधी जी के कुशल नेतृत्व में कांग्रेस के उत्साही कार्यकर्ता नया इतिहास रचने को तैयार हैं। हमें पूरा विश्वास है कि अगला चुनाव इतिहास रचने को तैयार है।  इतिहास की इस बदली करवट पर कांग्रेस  देश के लिए हर क़ुर्बानी देने को तैयार उसके कार्यकर्ताओं का नाम चमक रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Recommended News

Related News

static