AIDS से गई 35 साल की इस हसीना की जान, आखिरी समय में पाई-पाई को हुई मोहताज
punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 04:10 PM (IST)
UP Desk : हॉलीवुड अभिनेत्री डेवे चेस (Daveigh Chase), जिन्होंने हॉरर फिल्म The Ring में समारा मॉर्गन और डिज्नी की Lilo & Stitch में लिलो को अपनी आवाज देकर दुनिया भर में पहचान बनाई थी, उनकी मौत की आधिकारिक वजह सामने आ गई है। लॉस एंजिल्स काउंटी मेडिकल एग्जामिनर की रिपोर्ट के अनुसार, 16 जून 2026 को 35 वर्ष की उम्र में उनका निधन एड्स (AIDS) के कारण हुआ। रिपोर्ट में उनकी मौत को प्राकृतिक (Natural) बताया गया है।
AIDS संग कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहीं थीं
आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक डेवे चेस लंबे समय से एड्स से पीड़ित थीं। मेडिकल एग्जामिनर ने "क्रॉनिक पॉलीसब्सटेंस यूज़" (लंबे समय तक एक से अधिक नशीले पदार्थों का सेवन) को भी उनकी स्थिति को गंभीर बनाने वाला महत्वपूर्ण कारण बताया। शुरुआती जानकारी में बैक्टीरियल मेनिन्जाइटिस, रक्त संक्रमण (सेप्सिस) जैसी जटिलताओं का जिक्र हुआ था, जिन्हें बाद में उनकी कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली से जुड़ी जटिलताओं के रूप में देखा गया।
बाल कलाकार के रूप में बनाई थी खास पहचान
डेवे चेस ने बहुत कम उम्र में हॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई थी। The Ring में समारा मॉर्गन का उनका किरदार आज भी हॉरर फिल्मों के सबसे यादगार किरदारों में गिना जाता है। इसके अलावा उन्होंने Lilo & Stitch में लिलो को आवाज दी और Donnie Darko, Spirited Away सहित कई चर्चित फिल्मों और टीवी प्रोजेक्ट्स में भी काम किया।
निजी जिंदगी में बढ़ती गईं मुश्किलें
रिपोर्ट्स के अनुसार, 2016 के बाद डेवे चेस धीरे-धीरे सार्वजनिक जीवन से दूर होती चली गईं। बाद के वर्षों में उनका नाम नशे की लत, कानूनी विवादों और बेघर होने जैसी परिस्थितियों से जुड़ा। बताया जाता है कि जीवन के अंतिम वर्षों में वह गंभीर व्यक्तिगत और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना कर रही थीं।
अंतिम दिनों में इलाज के लिए हुई थी मदद की अपील
डेवे चेस के अंतिम दिनों में उनके बॉयफ्रेंड रॉय हर्नांडेज ने उनके इलाज के लिए क्राउडफंडिंग अभियान शुरू किया था। हालांकि, बाद में इस फंडरेज़र को लेकर उनके पूर्व मैनेजर और परिवार की ओर से विवाद भी सामने आया। इस बीच, अभिनेत्री के निधन और उनकी मेडिकल रिपोर्ट ने उनके प्रशंसकों और फिल्म जगत को गहरा झटका दिया है।

