प्यार का खौफनाक अंत...नाले में बहते सूटकेस से रिस रहा था खून, खोला तो अंदर का नजारा देख पुलिस के फूले हाथ-पैर, दौड़ी-दौड़ी पहुंची दिल्ली

punjabkesari.in Friday, Jun 06, 2025 - 12:33 PM (IST)

हापुड़: दिल्ली से सेट हापुड़ में एक महिला का शव बीते शुक्रवार यानि 30 मई को एक सूटकेस में नहर में बहता हुआ मिला था। शव की स्थिति बेहद खराब थी। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे। हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव सिखेड़ा के पास मिले शव की पुलिस ने पहचान कर ली है। मृतका की पहचान दिल्ली के मयूर विहार निवासी मिलेश उम्र 30 वर्ष पुत्री जबरू के रूप में हुई है। बता दें कि स्वजन ने 28 मई को मयूर विहार थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद हुई शिनाख्त 
पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में नहर में बहते इस सूटकेस से खून का रिसाव हो रहा था। जिसे देखकर इस संदिग्ध सूटकेस की जानकारी वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को दी थी। इस घटना की जानकारी होते ही स्थानीय पुलिस और फरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई थी। साथ ही मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार इस घटना में करीब 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद इस ब्लाइंड केस की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने करीब 7 दिन में सूटकेस में मिले अज्ञात शव की शिनाख्त की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने बिसरा व डीएनए सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका के प्रेमी पर अटकी शक की सुई 
अभी तक इस मामले में शक की सुई मृतका के प्रेमी पर अटकी हुई है। शव की शिनाख्त के बाद हापुड़ पुलिस की टीम दिल्ली रवाना हो गई है। इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस द्वारा कई स्थानों पर दबिश भी दी गई है। पिलखुवा कोतवाली प्रभारी पटनीश कुमार ने बताया कि कई बिंदुओं पर जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों की तलाश कर गिरफ्तारी करते हुए हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static