UP में डिलीवरी ब्वॉय पर पुलिस की दादागीरी! थाने में रखी बाइक नहीं लौटाई, आहत युवक ने खुद को लगा ली आग; महकमे में मची खलबली

punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 02:01 PM (IST)

बरेली (जावेद खान) : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बारादरी थाना परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक डिलीवरी ब्वॉय ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। देखते ही देखते युवक आग की लपटों में घिर गया और थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप 
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम युवक की बाइक से एक अन्य युवक घायल हो गया था। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने डिलीवरी ब्वॉय की बाइक को थाने में खड़ा कर लिया था। आरोप है कि युवक लगातार अपनी बाइक वापस करने की गुहार लगा रहा था। परिजनों का कहना है कि वह रोजी-रोटी के लिए उसी बाइक पर निर्भर था और वाहन न मिलने से बेहद तनाव में था।

घटना से पुलिस महकमे में मची खलबली  
बताया जा रहा है कि वह फिर बारादरी थाने पहुंचा और बाइक न लौटाए जाने पर आक्रोशित हो गया। जानकारी के मुताबिक, युवक ने अचानक पेट्रोल निकाला और खुद पर छिड़ककर आग लगा ली। घटना के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। आनन-फानन मे उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

मामले की जांच जारी
फिलहाल युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर गौर किया जाएगा। इस सनसनीखेज घटना ने पुलिस कार्यप्रणाली और तनावग्रस्त युवाओं की मनोदशा पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static