ससुराल पहुंचते ही दुल्हन का चौंकाने वाला फैसला—सिर्फ 20 मिनट में टूट गई नई-नई शादी, वजह जानकर हो जाएंगे हैरान!

punjabkesari.in Tuesday, Dec 02, 2025 - 07:13 AM (IST)

Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जहां शादी के बाद दुल्हन ससुराल तो पहुंची, लेकिन सिर्फ 20 मिनट रहने के बाद ही उसने पति के साथ रहने से साफ-साफ इनकार कर दिया। दुल्हन के इस फैसले से दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया और मामला पंचायत तक पहुंच गया।

शादी धूमधाम से हुई, सब कुछ  लग रहा था सामान्य
जानकारी के मुताबिक भलुअनी नगर पंचायत के रहने वाले एक युवक की शादी सलेमपुर नगर पंचायत की एक युवती से तय हुई थी। 25 नवंबर को देवरिया के एक मैरिज हॉल में बारात पहुंची। लड़की वालों ने पूरे सम्मान के साथ स्वागत किया। द्वार पूजा, जयमाला और बाकी सभी रस्में हिंदू रीति-रिवाज से पूरी की गईं। शादी करीब-करीब बिल्कुल सामान्य तरीके से संपन्न हुई।

ससुराल पहुंचते ही दुल्हन ने कहा—मुझे यहां नहीं रहना
अगली सुबह 26 नवंबर को दुल्हन नई-नवेली विदाई के बाद ससुराल पहुंची। महिलाएं परंपरा के अनुसार उसे घर के अंदर ले गईं और चेहरा दिखाने की रस्म शुरू की गई। इसी दौरान अचानक दुल्हन बाहर आ गई और जोर-जोर से कहने लगी कि वह यहां नहीं रह सकती। उसने तुरंत अपने मायके वालों को बुलाने पर अड़ गई। पति और ससुराल वालों ने उसे काफी समझाया, लेकिन वह अपने फैसले से जरा भी पीछे नहीं हटी। कुछ समय बाद मायके वाले भी पहुंच गए और उन्होंने भी दुल्हन को समझाने की कोशिश की, पर नतीजा वही—दुल्हन मायके ही जाना चाहती थी।

5 घंटे चली पंचायत, दुल्हन ने बताया—ससुराल का व्यवहार पसंद नहीं आया
करीब 5 घंटे तक दोनों परिवारों की पंचायत चली। बातचीत के बाद दुल्हन ने साफ कहा कि ससुराल वालों का व्यवहार उसे पसंद नहीं आया, इसलिए वह पति के साथ नहीं रहना चाहती। उसने शादी को आगे ना बढ़ाने का फैसला किया।

आपसी सहमति से रिश्ता खत्म, दहेज-सामान भी लौटाए जाएंगे
अंततः पंचायत में फैसला हुआ कि दोनों परिवार आपसी सहमति से अलग हो जाएंगे। दोनों ओर से जो भी सामान-दहेज दिया गया था, उसे एक-दूसरे को वापस किया जाएगा। इसके बाद दुल्हन अपने मायके लौट गई और शादी वहीं टूट गई।

पुलिस को सूचना मिली, लेकिन मामला शांतिपूर्वक निपटा
भलुअनी थाना प्रभारी प्रदीप पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना डायल 112 तक पहुंची थी, लेकिन किसी भी पक्ष ने थाने में शिकायत नहीं दर्ज कराई। पंचायत में ही मामला सुलझ गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static