डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने अखिलेश पर साधा निशाना, कहा- सपा दलित हित नहीं बल्कि वोटों की राजनीति करती है

punjabkesari.in Friday, Sep 01, 2023 - 12:25 AM (IST)

Mau News: उत्तर प्रदेश में मऊ जिले की घोसी विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा-सपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। दोनों पार्टियों ने जीत के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। जहां एक तरफ भाजपा के प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को जिताने के लिए भाजपा के कद्दावर नेताओं के साथ विधायक और मंत्रियों का घोसी विधानसभा में जमावड़ा लगा हुआ है। वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुधाकर सिंह को जिताने के लिए सपा के नेताओं के साथ कांग्रेस और स्वाभिमान पार्टी के नेता भी मैदान में उतर चुके हैं। इस बीच गुरूवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी सदैव दलितों का शोषण करती है।
PunjabKesari
सपा ने सदैव दलित समाज का अपमान किया: पाठक
उन्होंने ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि पहले गुंडाराज था। प्रदेश में माफिया राज करते थे, लेकिन भाजपा सरकार में माफिया कांप रहे हैं। हत्या, लूट, डकैती, दुष्कर्म, प्लॉट और दुकान पर कब्जा करना उनके (सपा) शासन काल की पहचान थी। उन्होंने कहा कि तब लोग कहने लगे थे कि समाजवादी पार्टी का नारा है, खाली प्लॉट हमारा है। इतना ही नहीं पाठक ने भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को जिताने की लोगों से अपील की। कोपागंज स्थित बीएसएस कॉलेज में आयोजित सामाजिक समरसता सम्मेलन में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा दलित हित नहीं बल्कि वोटों की राजनीति करना जानती है। सपा ने सदैव दलित समाज का अपमान किया है। उनके नेताओं को दलितों से नहीं सिर्फ उनके वोटों से मतलब है।

सपा दलित महापुरुषों का भी अपमान करती है। डॉ. भीमराव आंबेडकर ने समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के लिए काम किया। उनके जीवन से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। भाजपा ने उनकी जन्मस्थली को तीर्थ स्थल घोषित किया एवं तमाम अन्य योजनाएं भी शुरू कीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Related News

static