डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने भूपेंद्र सिंह चौधरी को दी बधाई, उज्ज्वल कार्यकाल की दी शुभकामनाएं
punjabkesari.in Thursday, Aug 25, 2022 - 06:33 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भूपेंद्र सिंह चौधरी को भाजपा, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर उनके उज्ज्वल कार्यकाल की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
उत्तर प्रदेश सरकार में वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री आदरणीय श्री भूपेंद्र सिंह चौधरी जी को भाजपा, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई व उज्ज्वल कार्यकाल की हार्दिक शुभकामनाएं। pic.twitter.com/COYN9mEzhk
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) August 25, 2022
बता दें कि काफी समय ने भाजपा को प्रदेश अध्यक्ष पद की तलाश थी। आज पार्टी ने अध्यक्ष पद के लिए ऐलान कर दिया है। पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव की ओर से जारी इस बयान में कहा गया है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भूपेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश में पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। चौधरी की नियुक्ति को राजनीतिक रूप से प्रभावी जाट समुदाय को साधने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।
ज्ञात हो कि केंद्र सरकार के विवादास्पद तीन कृषि कानूनों के खिलाफ राजधानी दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में एक साल तक चले आंदोलन में जाट समुदाय ने अग्रणी भूमिका निभायी थी। चौधरी ने बुधवार को देर शाम भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की थी। वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंत्रिपरिषद में पंचायती राज मंत्री हैं। चौधरी, प्रदेश सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का स्थान लेंगे। मुख्यमंत्री योगी पूर्वी उत्तर प्रदेश से हैं। ऐसे में भाजपा ने चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष के पद पर नियुक्त कर क्षेत्रीय संतुलन भी साधने की कोशिश की है। चौधरी पश्चिमी उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं और वह विधान परिषद के सदस्य हैं।