2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में वोट करें: डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य

punjabkesari.in Tuesday, May 07, 2024 - 09:22 AM (IST)

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के लिए तीसरे चरण का मतदान आज सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। इसी को लेकर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने देशवासियों से बड़ी अपील की है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि एक मजबूत सरकार, सर्वागीण विकास और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में वोट करें।


'मतदान केंद्र पहुंचकर वोट अवश्य करें...'
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि "आज, लोकसभा आम चुनाव- 2024 के अंतर्गत तृतीय चरण के लिए मतदान हो रहे हैं। मैं उत्तर प्रदेश सहित देश की सभी लोकसभाओं के समस्त मतदाताओं से आवाहन व अनुरोध करता हूँ कि देश में लोकतंत्र के महापर्व का एक यज्ञ चल रहा है। एक मजबूत सरकार, सर्वागीण विकास और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र  बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान अवश्य करें! मतदान करना आपका अधिकार भी व कर्तव्य भी"

93 लोकसभा सीटों पर हो रही वोटिंग
बता दें कि आज 7 मई को लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान शुरू हो गया है। इस चरण में 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 93 लोकसभा सीटों पर वोटिंग है। मतदान का समय सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक है। तीसरे फेज में करीब 120 महिलाओं समेत 1300 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चरण के रण में 10 केंद्रीय मंत्रियों और चार पूर्व मुख्यमंत्री समेत कई दिग्गजों की साख दांव पर लगी है। इन बड़े नेताओं में केंद्रीय मंत्री अमित शाह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रह्लाद जोशी, मनसुख मंडाविया, पुरुषोत्तम रुपाला और एसपी सिंह बघेल शामिल हैं। वहीं, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और दिग्विजय सिंह भी इस बार लोकसभा चुनाव में ताल ठोक रहे हैं।

तीसरे चरण में UP की 10 लोकसभा सीटों पर हो रहा मतदान
वहीं, आज ही यूपी की 10 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। जिनमें संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली लोकसभा सीटें शामिल है। इन 10 सीटों पर 100 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं जिनमें से 8 महिलाएं हैं।  इस चरण में 10 लोकसभा सीटों में से 08 सीटें सामान्य वर्ग की और 02 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। तीसरे चरण में 1.89 करोड़ मतदाता वोट डालने के पात्र हैं, जिनमें 1.01 करोड़ पुरुष और 87.48 लाख महिलाएं शामिल हैं। इन निर्वाचन क्षेत्रों में 12,339 मतदान केंद्रों और 20,415 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Recommended News

Related News

static