'सनातनियों में फूट डालने की हो रही है साजिश....', अयोध्या में BJP की हार पर बोले देवकीनंदन महाराज

punjabkesari.in Sunday, Jun 09, 2024 - 05:54 PM (IST)

मथुरा: लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे सामने आने के बाद से अयोध्या में भाजपा की करारी हार चर्चा का विषय बनी हुई है। कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर अयोध्या में भाजपा की हार को लेकर जमकर टिप्पणियां की जा रही हैं और उन्हें भाजपा को न जिताने के लिए कोसा जा रहा है। इसी को लेकर अब कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भाजपा की हार का दोष अयोध्यावासियों पर न मढ़ कर, इस पर मंथन किया जाना चाहिए। भाजपा के नाम पर अन्य संगठनों के लोग सनातनियों में फूट डालने की साजिश कर रहे हैं।

'श्रीराम का मंदिर केवल अयोध्यावासियों के लिए नहीं बना है...'
बता दें कि बीते शनिवार को मथुरा के प्रियाकांतजू मंदिर में आरती के बाद देवकीनंदन महाराज ने शिष्यों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि श्रीराम का मंदिर केवल अयोध्यावासियों के लिए नहीं बना है। मोदी सरकार के कार्यकाल में इसके निर्माण से पूरे भारत के हिंदुओं का मान बढ़ा है। भाजपा को पूरे देश में इसका लाभ मिला है, यह भूलना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि मथुरा में हेमामालिनी की करीब 3 लाख वोटों से जीतीं हैं, इसका उदाहरण है। चुनावों में स्थानीय मुद्दे और अन्य समीकरण भी मायने रखते हैं।

देवकीनंदन ठाकुरजी महाराज ने कहा कि हिंदुत्व के नाम पर अयोध्या वासियों को बुरा-भला कहकर भगवान के धाम और वहां के निवासियों का अपमान न हो। भाजपा के नाम पर अन्य संगठनों के लोग सनातनियों में फूट डालने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से कई स्थानों पर हिंदुत्व पर जातिगत समीकरण भारी पड़े हैं। भाजपा की हार पर अयोध्या वासियों के लिए अपशब्द और बहिष्कार की बातें लिखी जा रही हैं, इस पर रोक लगानी चाहिए। नरेंद्र मोदी ने पिछले दस वर्षों में भारत की सांस्कृतिक विरासत को विश्व पटल पर लाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News

static