UP Weather: यूपी में कब और किधर से एंट्री करेगा मॉनसून? कब भिगोएंगे मॉनसूनी फुहारें...मौसम विज्ञानियों ने बता दी बड़ी जानकारी

punjabkesari.in Wednesday, May 29, 2024 - 03:46 PM (IST)

UP Weather: यूपी में भीषण गर्मी ने लोगों की रातों की नींद उड़ा रखी है। गर्मी से अब तक कई लोगों के मरने की खबर है। वहीं, अब यूपी के लोगों को शिद्दत से मॉनसून का इंतजार है।  लोगों को इंतजार है कि आखिर मॉनसूनी फुहारें कब उनके तन-मन को भिगोएंगी। इसको लेकर मौसम विभाग ने बड़ा अपडेट जारी किया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार यूपी में मॉनसून की एंट्री वाराणसी या गोरखपुर से हो सकती है। केरल में मॉनसून आने की तारीख 31 मई है। वहीं यूपी में वाराणसी या गोरखपुर में 18-20 जून के दौरान मॉनसून आ सकता है। राजधानी लखनऊ में 23-25 जून के दौरान बारिश शुरू हो सकती है। विभाग का कहना है कि इस साल मानसून मौसम में सामान्य से अधिक बारिश होगी।

अंडमान निकोबार में मानसून का आगमन
मौसम विभाग के अनुसार, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में मानसून का आगमन हो चुका है। यह मानसून अब धीरे-धीरे भारत के अन्य हिस्सों की ओर बढ़ रहा है। केरल के समुद्र तट पर 31 मई या 1 जून को मानसून के दस्तक देने की संभावना है। यदि सब कुछ अनुकूल रहा, तो 18 से 20 जून के बीच मानसून उत्तर प्रदेश में गोरखपुर या वाराणसी के रास्ते दाखिल हो सकता है। लखनऊ में मानसून की बारिश 23 से 25 जून के बीच शुरू होने के आसार हैं। पिछले साल की तुलना में, जब मानसून अपने निर्धारित समय से पीछे रह गया था और 22 जून को उत्तर प्रदेश में दाखिल हुआ था, इस साल समय पर मानसून आने की उम्मीद है।

सितंबर तक सामान्य से अधिक बारिश...
उत्तर-पूर्व भारत में सामान्य से कम, उत्तर-पश्चिम भारत में सितंबर तक सामान्य और देश के मध्य व दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।

यूपी के इन जिलों में रेड अलर्ट
गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झाँसी, ललितपुर एवं आसपास के इलाकों में उष्ण लहर (लू) से तीव्र उष्ण लहर (लू) होने की सम्भावना है। 

यूपी के इन जिलों में ऑरेंज
बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, एटा, मैनपुरी एवं आसपास के इलाकों में उष्ण लहर (लू) होने की संभावना है।

यूपी के इन जिलों में येलो अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, मेरठ, औरैया एवं आसपास के इलाकों में उष्ण लहर (लू) होने की सम्भावना है। मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झाँसी, ललितपुर एवं आसपास के इलाकों में उष्ण रात्रि होने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Related News

static