ड‍िंपल की प्रचंड जीत से खत्‍म हुईं दूर‍ियां...अख‍िलेश चाचा श‍िवपाल को सपा में दे सकते हैं बड़ी ज‍िम्‍मेदारी

punjabkesari.in Friday, Dec 09, 2022 - 10:29 AM (IST)

लखनऊ: यूपी उपचुनाव के नतीजों ने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के मुखिया शिवपाल सिंह यादव का कद और बढ़ा दिया है। मैनपुरी में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव को उपचुनाव में प्रचंड जीत मिली है। शिवपाल की अपनी जसवंतनगर विधानसभा सीट से डिंपल यादव को एक लाख से अधिक मतों की बढ़त मिली। ऐसे में शिवपाल ने यह साबित कर दिया कि उनका क्षेत्र में जबरदस्त प्रभाव है।

उपचुनाव के नतीजे आते ही शिवपाल ने समाजवादी पार्टी से विलय कर लिया। जिसके बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सपा का झंडा अपनी गाड़ी पर लगाया और कहा कि यह अब कभी नहीं उतरेगा। इसके साथ ही अब उम्मीद की जा रही है कि शिवपाल फिर सपा में बड़ी भूमिका में नजर आएंगे। उन्हें शीघ्र ही अखिलेश पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी दे सकते हैं। डिंपल यादव की जीत के बाद चाचा भतीजा की दुरियां खत्म होती हुई नजर आईं हैं।

जब डिंपल चुनाव मैदान में उतरीं तो अखिलेश के साथ चाचा शिवपाल के घर समर्थन मांगने पहुंची। इसके बाद चाचा सारे गिले-शिकवे भुलाकर बहू के प्रचार में लग गए। अब अखिलेश ने डिंपल के चुनाव जीतने के बाद चाचा को सबसे पहले सपा का झंडा प्रदान किया। शिवपाल ने इसे अपनी गाड़ी में लगाने के साथ ही अपने ट्विटर प्रोफाइल पर अपनी अपनी पहचान समाजवादी पार्टी के नेता के तौर पर बताई है। उन्होंने मैनपुरी सीट से डिंपल की जीत के लिए जनता का धन्यवाद भी दिया, और इसे नेताजी का आशीर्वाद बताया। बता दें कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा में वर्चस्व को लेकर संघर्ष शुरू हुआ था। इसी के बाद शिवपाल ने वर्ष 2018 में प्रसपा बना ली थी। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static