विवाह समारोह में हुआ विवाद; एक किशोर की मौत...4 के खिलाफ मामला दर्ज

punjabkesari.in Saturday, Mar 08, 2025 - 03:15 PM (IST)

बलिया: उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के चक्खान गांव में एक विवाह कार्यक्रम में नृत्य को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान जमकर मारपीट हुई। विवाद के चलते एक किशोर की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती किया। वहीं, पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।  

जानिए क्यों हुआ विवाद 
पुलिस के अनुसार, सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के चक्खान गांव के भगवान राजभर की पुत्री काजल की शादी पकड़ी थाना क्षेत्र के मुजही गांव निवासी सुलाभ राजभर के पुत्र रोहित के साथ होनी थी। इसने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुसार, शुक्रवार को रात बारात मुजही से निकल कर चक्खान पहुंची। पुलिस ने बताया कि विवाह कार्यक्रम में नृत्य को लेकर विवाद हो गया, जिसमें कृष्णा राजभर (15) की मौत हो गई तथा एक अन्य घायल हो गया।

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम  
पुलिस अधीक्षक सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में चार लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धारा में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। उधर इस घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को सिकंदरपुर कस्बे में गोरखपुर-बलिया राजमार्ग पर चक्का जाम किया। थाना प्रभारी विकास चंद्र पांडेय ने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई का भरोसा देकर थोड़ी देर बाद ही चक्का जाम समाप्त करा दिया। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static