मामूली विवाद के चलते दंपती ने उठाया खौफनाक कदम, पति ने जहर खाकर दी जान तो पत्नी ने फांसी लगाकर की खुदकुशी
punjabkesari.in Sunday, Nov 20, 2022 - 06:30 PM (IST)

सोनभद्रः उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां पर मामूली विवाद के चलते एक पति पत्नी ने खौफनाक कदम उठा लिया है। इसमें पति ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। जिसके बाद पत्नी ने भी फांसी लगा कर जान दे दी है। जिसकी जानकारी के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक दंपती के तीन बच्चे है। तीनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। इस घटना के बाद पुलिस को जानकारी दी गई तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और शवों को कब्जे में कर लिया।
बता दें कि यह मामला सोनभद्र जिले के पन्नूगंज थाना क्षेत्र का है। यहां पर पन्नूगंज निवासी सूरज सोनी (28) पुत्र रामराज सोनी समाचार पत्र वितरण का काम करता था। रविवार सुबह अखबार बांट कर घर आया। किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने गुस्से में आकर आत्महत्या कर ली। पती ने जहर खा लिया। उसकी तबीयत बिगड़ने पर आनन फानन लोग उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां से वाराणसी रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मौत की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया।
पति की मौत के बाद पत्नी ने लगाई फांसी
अचानक से पत्नी पुनीता (25) कमरे में गई और बडेर के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। पति-पत्नी के चंद घंटे के अंतराल में जान देने से लोग स्तब्ध रह गए। सबसे बड़ा अंशु (5), आशु (3) व सबसे छोटा बेटा चार माह का है। पन्नूगंज एसओ हेमंत सिंह ने बताया कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसी के चलते दोनों ने यह कदम उठाया। विवाद किस कारण हुआ था, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।