घर में आराम से सो रहा था पति, पत्नी ने चुपके से डाला खौलता तेल ; युवक को तड़पता छोड़ फरार हुई महिला, प्रेम-प्रसंग में उठाया खौफनाक कदम
punjabkesari.in Thursday, May 08, 2025 - 01:03 PM (IST)

रायबरेली : उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने प्रेम प्रसंग के चलते अपने सोते हुए पति पर खौलता हुआ तेल डाल दिया और मौके से फरार हो गई। घटना में पति गंभीर रूप से झुलस गया। उसे आनन-फानन में सीएससी ले जाया गया। जहां से गंभीर रूप से घायल पति को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
तफ्सील से जानें पूरा मामला
पूरा मामला शिवगढ़ के निहाल खेड़ा गांव का है। यहां के निवासी युवक का कहना है कि बुधवार की शाम वह घर में सो रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी पत्नी ने खौलता हुआ सरसों का तेल उनके ऊपर डाल दिया और वहां से फरार हो गई। खौलता हुआ सरसों का तेल ऊपर पड़ते ही युवक दर्द से चीखने लगा। युवक की चीख पुकार सुन परिजन और आस पड़ोस के लोग दौड़ कर मौके पर पहुंचे। घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया। जिसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से नाजुक हालत के चलते युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पहले भी घर से भाग चुकी है आरोपी पत्नी
यवक ने बताया कि उसकी पत्नी से उसका किसी तरह का कोई विवाद भी नहीं हुआ था। युवक ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी पत्नी का किसी से प्रेम प्रसंग चल रहा है। जिसके चलते उन्हें जान से मारने का प्रयास किया गया। बकौल युवक, उसकी पत्नी पहले भी कई बार घर से भाग चुकी है। फिर बाद में वापस लौट आती थी।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई - पुलिस
पीड़ित के पिता पुत्ती लाल ने बताया कि घटना के समय परिवार के सभी लोग घर से बाहर थे। शोर गुल सुन उन्हें घटना की जानकारी हुई। वहीं इस घटना पर थानाध्यक्ष का कहना है कि घटना की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।