PM मोदी-CM योगी के बढ़ते आकर्षण से अन्य दलों में हो रही है टूटन: दिनेश शर्मा

punjabkesari.in Friday, Sep 09, 2022 - 07:45 PM (IST)

झांसी: उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री और विधानपरिषद के सदस्य दिनेश शर्मा ने शुक्रवार को वीरांगना नगरी झांसी में कहा कि मोदी और योगी का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है और इसी कारण से अन्य दलों को छोड़ कर लोग आ रहे हैं।       

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रमानाथ खैरा के जयंती समारोह के कार्यक्रम में हिस्सा लेने आये पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के समापन के बाद संवाददाताओं के सवालों के जवाब दिये। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा उपमुख्यमंत्री को आधे विधायकों को तोडकर ले आने पर मुख्यमंत्री बना देने के लिए दिये जा रहे ऑफर के बारे में पूछे जाने पर शर्मा ने कहा कि हर राजनेता अपने दल की टूटन को रोकने के लिए, अपने लोगों के मन में कोरी कल्पना भरने के लिए तरह तरह के बयान देता है और यह सब इसलिए है कि लोगों में मोदी और योगी का आकर्षण बढ़ रहा है और लोगों के साथ के लोग तेजी से टूट रहे हैं। ऐसी स्थिति में कोई कुछ भी कह सकता है।''       

जिले में शिक्षा विभाग में फर्जी नियुक्तियों को लेकर पूछे गये सवाल के जवाब में शर्मा ने जानकारी न होने की बात कही लेकिन यह भी साफ किया कि योगी शासनकाल में कहीं कुछ गलत नहीं हो सकता है। केंद्र और राज्य सरकार के बीच विभिन्न मुद्दों जैसे पदाधिकारियों की नियुक्ति को लेकर चल रहे मनमुटाव के सवाल पर कहा कि यह एक दूसरे के पूरक हैं यह आरोप वह लोग लगा रहे हैं जिन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बारे में कुछ पता नहीं हैं। भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। इसका लक्ष्य सत्ता प्राप्ति नहीं बल्कि जनता के बीच व्यवस्था का परिवर्तन करना है। आज के परिवर्तनकारी सबसे बड़े नेता नरेंद्र मोदी हैं, वह आज राष्ट्र के ही नहीं पूरे विश्व के नेता हैं। योगी एक ऐसे राजनीतिक संत हैं जो राज्य सत्ता के मोह में नहीं बल्कि राज्य की दशा और दिशा बदलने में अपना समय दे रहे हैं। इनके विरोध में लोग बालेंगे लेकिन जितना बोलेंगे उतना पीछे जायेंगे।       

उनको दी गयी नयी जिम्मेदारी के बारे में पूछे गये सवाल का बड़े दार्शनिक अंदाज में जवाब देते हुए शर्मा ने कहा ‘‘ भाजपा में कार्यकर्ता का पद सबसे बड़ा पद होता है और मेरे पास यह सबसे बड़ा पद है। जो जिम्मेदारी अब दी गयी है वह निभा रहा हूं। पहली जिम्मेदारी तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर से बहुमत से विजयी बनाना है ताकि वह देश को मजबूत करने के लिए काम करें। मोदी जी इस बार पहले से भी ज्यादा सीटों से जीत हासिल करेंगे और उत्तर प्रदेश में तो शत प्रतिशत सीटों पर भाजपा जीत हासिल करेगी।''       

राजपथ का नाम बदलने को लेकर हो रही राजनीति पर कहा कि जो विदेशी आक्रांताओं के नाम पर सड़कों को बनाते थे, अंग्रेज और मुगल जिनके आराध्य थे उनसे कोई सही बात की उम्मीद की नहीं जा सकती लेकिन जनता अब ऐसी दूषित मानसिकता को सुनने वाले नहीं है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static