CM योगी का बड़ा हमला, कहा- पहले नौकरी निकलती थी तो चाचा- भतीजे वसूली पर निकल पड़ते थे

punjabkesari.in Tuesday, Nov 29, 2022 - 08:10 PM (IST)

मैनपुरी:  मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है। सोमवार को भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा मुखिया अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल यादव पर जमकर हमला बोला। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले नौकरी निकलती थी तो चाचा अलग निकल पड़ते थे वसूली के लिए और भतीजे अलग निकल पड़ते थे। शोषण होता था नौजवानों का, बदनाम होता था इटावा और मैनपुरी। आज बिना भेदभाव के नौकरी मिलती है।

मुख्यमंत्री सोमवार को करहल के नरसिंह यादव इंटर कॉलेज मैदान में भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने चाचा शिवपाल सिंह यादव का सरेआम मजाक उड़ाया, आज उनकी शरण में हैं। उन्होंने शिवपाल यादव की स्थिति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज उनकी हालत पेंडुलम की तरह हो गयी है। बेचारे को पिछली बार कितना बेइज्जत किया गया। कुर्सी तक नहीं मिली, कुर्सी के हैंडिल पर बैठना पड़ा। आज जो लोग फुटबॉल बने हुए हैं, उन्हें सम्मान और स्वाभिमान के लिए काम करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे यहां जाति, मत मजहब का भेद नहीं। कोई भी कार्यकर्ता किसी भी पद पर जा सकता है। कोई भी किसी एक खास परिवार का नहीं है। अलग अलग परिवार और मत-मजहब, जाति के होने के बावजूद हम एक भाजपा परिवार हैं और मैं भाजपा परिवार में मैनपुरी को मिलाने आया हूं। अब मैनपुरी के लोग एक परिवार की विरासत से निकलकर "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास" की परंपरा का पालन करने वाली भारतीय जनता पार्टी की जीत का इतिहास बनाने वाले हैं।

अपना संबोधन शुरू करने से पहले मुख्यमंत्री मैनपुरी की धरती से मुलायम सिंह यादव को नमन करते हुए कहा कि नेताजी ने 2014 में ही संसद में कह दिया था कि अब भाजपा ही आएगी। नेताजी के आशीर्वाद का परिणाम था कि हमने आजमगढ़ और रामपुर में सपा के परंपरागत सीटों को ध्वस्त करते हुए भारी बहुमत से जीत हासिल की और अब मैनपुरी भी हम जीतने जा रहे हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static