प्रचंड ठंड में भी सीएम योगी ने किया जनता दर्शन, फरियादें सुनीं और कहा- घबराइए मत... हर समस्या का समाधान कराएंगे
punjabkesari.in Monday, Dec 29, 2025 - 01:42 PM (IST)
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रचंड ठंड में भी गोरखपुर में जनता के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनसेवा का अनुष्ठान जारी रखा। उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन का आयोजन कर लोगों से मुलाकात की। उनकी समस्याएं सुनीं। समस्या लेकर आए लोगों से आत्मीयता से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, घबराइए मत... हर समस्या का समाधान कराएंगे और सरकार सबकी भरपूर मदद करेगी।
सीएम योगी ने सुनीं150 लोगों की समस्याएं
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने पास में मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पीड़ित व्यक्ति की समस्या पर संवेदनशीलता से ध्यान दें और तत्परता से उसका समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण कराएं। जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनका समाधान करने का निर्देश दिया। कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे। एक.एक कर सबकी समस्याएं सुनीं। उन्हें आश्वस्त किया कि वह सभी की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराएंगे। किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है।
मुख्यमंत्री श्री @myogiadityanath जी महाराज आमजन के हितों को सर्वोपरि रखते हुए संवेदनशीलता के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं।
— Yogi Adityanath Office (@myogioffice) December 29, 2025
महाराज जी ने आज @GorakhnathMndr परिसर में आयोजित 'जनता दर्शन' में विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के… pic.twitter.com/agVsxsFBLN
'गरीबों को उजाड़ने वाले कतई न बख्शे जाएं'
प्रार्थना पत्रों को उन्होंने अधिकारियों को हस्तगत करते हुए निर्देश दिया कि हर समस्या का निस्तारण त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिप्रद होना चाहिए। कुछ लोगों द्वारा जमीन कब्जाने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने कठोर कानूनी कारर्वाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा यदि कोई दबंग, माफिया किसी की जमीन जबरन कब्जा कर रहा हो तो उसके खिलाफ कठोर से कठोर कारर्वाई की जाए। गरीबों को उजाड़ने वाले कतई न बख्शे जाएं। जहां पैमाइश की जरूरत हो वहां पैमाइश कराकर विवाद का निस्तारण कराया जाए। पारिवारिक विवाद के मामलों में उन्होंने उभयपक्षों के साथ संवाद कर समाधान की राह निकालने के लिए निर्देशित किया।

