सिस्टम फेल या फरेब का खेल ! पहले पति को नहीं दिया तलाक... सामूहिक विवाह में दूसरा निकाह करने पहुंची मुस्लिम महिला, ससुराल पक्ष ने पकड़ा
punjabkesari.in Monday, Feb 24, 2025 - 02:47 PM (IST)

Amroha News, (मो. आसिफ): उत्तर प्रदेश के अमरोहा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में घपलेबाजी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब ताजा मामला हसनपुर के सुखदेवी इंटर कॉलेज में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम से सामने आया है। यहां एक पहले से विवाहित महिला दूसरी शादी करने पहुंची थी। सोहत गांव की रहने वाली आसमा की शादी तीन साल पहले रहरा थाना क्षेत्र के जयतौली गांव निवासी नूर मोहम्मद से हुई थी। पारिवारिक विवाद के कारण आसमा अपने पिता के घर रह रही थी। दोनों का मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
रविवार को आसमा संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी जाबिर (जो उसके रिश्ते का भाई लगता है) के साथ निकाह करने सामूहिक विवाह कार्यक्रम में पहुंची। इसकी जानकारी मिलते ही उसके ससुराल वाले मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दोनों को पकड़ लिया। मामला मुख्य विकास अधिकारी अश्विनी कुमार के सामने पेश किया गया। उन्होंने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। फर्जी जोड़े का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह का फर्जीवाड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं इससे एक दिन पहले भी गजरौला में सामूहिक विवाह कार्यक्रम में भी फर्जी मामला सामने आया था जिसमें दूल्हे ने शादी करने से मना कर दिया था और दूल्हे की जगह एक अन्य लकड़े से शादी कराई जा रही थी जिसका खुलासा मौके पर ही हो गया। पुलिस ने उन दोनों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया था।