म्यूजिक इंडस्ट्री को बड़ा झटका, फेमस सिंगर का कैंसर से निधन, संगीत जगत में शोक की लहर......
punjabkesari.in Sunday, May 18, 2025 - 05:40 PM (IST)

UP Desk : संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। अपनी मधुर आवाज़ से श्रोताओं के दिलों पर राज करने वाली बेहद ख्याति प्राप्त गायिका गायत्री हजारिका अब हमारे बीच नहीं रहीं। महज 44 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया है। इस खबर से संगीत प्रेमियों और उनके फैंस को गहरा सदमा पहुंचा है। गायत्री हजारिका की मौत ने लाखों दिलों को झकझोर कर रख दिया है।
कैंसर से लंबी जंग के बाद हार
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, गायत्री हजारिका पिछले कुछ समय से कोलन कैंसर से पीड़ित थीं। उनका इलाज गुवाहाटी के नेमकेयर अस्पताल में चल रहा था। इलाज के दौरान शनिवार दोपहर करीब 2 बजकर 15 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली। गायत्री तीन दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं। शुक्रवार को उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया था, जहां उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई।
संगीत जगत को गहरा झटका
गायत्री हजारिका की मौत ने असम ही नहीं, पूरे देश के संगीत जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। हर कोई उनकी मधुर आवाज़ और सादगी को याद करते हुए नम आंखों से उन्हें अलविदा कह रहा है। सोशल मीडिया पर उनके फैंस और साथी कलाकार उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
असम के मुख्यमंत्री ने जताया शोक
गायत्री हजारिका के निधन पर असम के मुख्यमंत्री ने भी गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा कि "गायत्री हजारिका का जाना संगीत जगत की अपूरणीय क्षति है। उनकी कमी कोई पूरी नहीं कर सकता।"