पांचवां चरण: उत्तर प्रदेश में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच आर-पार के संघर्ष की घड़ी, कल मतदाता तय करेंगे किसका पलड़ा भारी

punjabkesari.in Sunday, May 19, 2024 - 10:03 AM (IST)

लखनऊ: लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए मतदान 20 मई को होगा। इस चरण में प्रदेश की 14 सीटों के लिए होने जा रहे चुनाव में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच कई सीटों पर कड़ा मुकाबला होना तय है। हालांकि बीते लोस चुनाव में 14 में से 13 सीटों पर भाजपा का कब्जा रहा। लेकिन ऐसी छह सीटें हैं जहां भाजपा उम्मीदवार काफी कम अंतर से जीते थे। 2019 के चुनाव में जिन सीटों पर भाजपा एक लाख से कम वोटों से जीती थी, वहां सत्तासीन दल को कड़ी मेहनत करनी होगी। अभी एक सीट रायबरेली कांग्रेस के पास है, जिसे पाने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक रखी है। 

इन सीटों पर कांटे की टक्कर 
दरअसल, 14 सीटों के तहत 71 विधानसभा सीटें हैं। इनमें से 45 सीटों पर भाजपा का कब्जा है। 14 लोकसभा क्षेत्रों में फतेहपुर को छोड़ सभी लोकसभा क्षेत्र में पांच-पांच विधानसभा क्षेत्र आते हैं जबकि फतेहपुर लोकसभा क्षेत्र में छह विधानसभा क्षेत्र हैं। वर्ष 2019 व 2014 के लोकसभा चुनावों में वर्तमान के पांचवें चरण की छह सीटों कौशाम्बी, फैजाबाद, मोहनलालगंज, अमेठी, बांदा और कैसरगंज पर भाजपा को एक लाख से काफी कम वोटों से जीत हासिल हुई है। इन सीटों पर कांटे की टक्कर होनी तय है।

lok sabha elections election campaign stopped on 14 seats of the fifth phase

मतदान प्रतिशत कम होने का लाभ उठाया था विपक्ष ने
अगर 2009 के लोकसभा चुनाव के आंकड़े पर नजर डालें तो, उस चुनाव में मतदान प्रतिशत काफी कम रहा था और इसका लाभ विपक्ष खासकर सपा-बसपा और कांग्रेस को मिला था। मोहनलालगंज से लेकर जालौन, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी व कैसरगंज सीट पर सपा को जीत मिली थी जबकि रायबरेली, अमेठी के अलावा बाराबंकी, फैजाबाद, गोंडा और झांसी सीट कांग्रेस को मिली थी। हमीरपुर सीट बसपा के पाले में गई थी। लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा को 13 व कांग्रेस के खाते में मात्र एक सीट आई थी। वहीं लोकसभा चुनाव 2014 में भाजपा को 12 और कांग्रेस को दो सीट मिली थीं।

थमा चुनाव प्रचार का शोर, 20 को डाले जाएंगे वोट
लखनऊ। प्रदेश में पांचवें चरण की 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों व लखनऊ पूर्व विधानसभा उप निर्वाचन के लिए शनिवार की शाम छह बजे चुनाव प्रचार थम गया। इन सीटों पर 20 मई को मतदान होगा। मतदान के लिए 19 मई को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि इस चरण में मोहनलालगंज (अजा), लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन (अजा), झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी (अजा), बाराबंकी (अजा), फैजाबाद, कैसरगंज व गोंडा लोकसभा सीट व लखनऊ पूर्व विधानसभा सीट शामिल हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ajay kumar

Related News

static