मेडिकल दाखिले के नाम पर करोड़ों का फर्जीवाड़ा, एटा में 5 गिरफ्तार... कब्जे से मिले फर्जी चेक और मार्कशीट

punjabkesari.in Sunday, Sep 20, 2026 - 08:31 AM (IST)

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में थाना मारहरा पुलिस ने कथित तौर पर फर्जी मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय संचालित करने और छात्रों को पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिलाने तथा फर्जी शैक्षणिक दस्तावेज उपलब्ध कराने के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पुलिस ने दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन के अनुसार, पुलिस को अपहरण करके 2 लाख रुपए की फिरौती मांगने की झूठी सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू हुई थी। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान कथित फर्जी शैक्षणिक संस्थान और उससे जुड़े कथित नेटवर्क का पता चला। पुलिस के मुताबिक आरोपी वर्ष 2022 से डी.फार्मा, बी.फार्मा, बीएससी नर्सिंग समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिलाने के नाम पर छात्रों और उनके अभिभावकों से धनराशि वसूल रहे थे।

ये भी पढ़ें:- पति ने काटी नाक या पत्नी ने गुप्तांग? 3 महीने बाद लौटी महिला तो मचा कोहराम, जानें पूरा हाई-वोल्टेज ड्रामा

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डेस्कटॉप कंप्यूटर, विभिन्न कॉलेजों के फर्जी चेक, 16 फर्जी छात्र पहचान पत्र, आवेदन फार्म, प्रवेश शीट, फीस रसीद, परीक्षा पुस्तिकाएं, फर्जी मोहर, पेम्पलेट, लेटर पैड और फर्जी मार्कशीट बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार इसके अलावा एनरोलमेंट नंबर, रोल नंबर, अटेंडेंस और एडमिशन से संबंधित रिकॉर्ड भी मिले हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतेन्द्र कुमार (36), निवासी महमूदपुर नगरिया, मारहरा, गौरव अग्रवाल (42), निवासी नदरई गेट, कासगंज, भगवान दास (59), निवासी धरमपुर, मारहरा, नरेन्द्र उर्फ पप्पू (58), निवासी मोहल्ला पैठ, मारहरा और मो. शरीफ कुरैशी (75), निवासी गफूरगंज, मारहरा के रूप में हुई है। एसएसपी इलामारन ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि नेटवर्क से कितने छात्र जुड़े थे तथा उनसे कितनी धनराशि वसूली गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static