बहराइच में चावल मिल बना काल! 5 परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़... CM योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक

punjabkesari.in Friday, Apr 25, 2025 - 01:15 PM (IST)

Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में दरगाह थाना क्षेत्र स्थित एक चावल मिल में उठे धुएं के कारण दम घुटने से शुक्रवार की सुबह 5 मजदूरों की मौत हो गई तथा 3 अन्य मजदूर अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रामानंद प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार, राजगढ़िया चावल मिल के ‘ड्रायर' में नमी आने के कारण धुआं उठने पर कुछ मजदूर निरीक्षण करने वहां पहुंचे लेकिन धुआं इतना अधिक था कि वे वहीं बेहोश हो गए। उन्होंने बताया कि अग्निशमन के दल ने वहां पहुंचकर मजदूरों को बाहर निकाला।

धुएं के बीच बेहोश हुए मजदूर, 5 की मौत... 3 अस्पताल में भर्ती
कुशवाहा ने बताया कि उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने 5 मजदूरों को मृत घोषित कर दिया जबकि 3 अन्य मजदूरों का इलाज किया जा रहा है। जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉक्टर एम. एम. त्रिपाठी ने बताया कि अस्पताल में 5 लोग मृत अवस्था में लाए गए, जबकि 3 का इलाज जारी है। राजगढ़िया राइस मिल के निदेशक विनोद अग्रवाल ने बताया कि राइस मिल में लगा ड्रायर धान की नमी को सुखाने के काम आता है। यह बड़ा और ऊंचा तथा पूर्णत: स्वचालित संयंत्र है, जिसमें किसी आदमी को जाने की आवश्यकता नहीं होती। गैस और आग का भी वहां कोई इस्तेमाल नहीं होता, भाप से हवा गर्म कर धान की नमी को निकाला जाता है। उन्होंने कहा कि मशीन में कभी धुंआ नहीं होता, लेकिन आज सुबह करीब 5-6 बजे किसी मजदूर ने ड्रायर में संभवतः धुंआ देखा। उनके अनुसार, अभी यह जानकारी नहीं हो सकी है कि धुंआ उन्हें कैसे दिखलाई पड़ा।

जांच के लिए उतरे ड्रायर में, एक-एक कर 8 मजदूर हुए बेहोश
अग्रवाल ने बताया कि ''स्टाफ से जो जानकारी मिली है उसके अनुसार धुंआ देखकर एक मजदूर ने मशीन बंद की और जांच करने के लिए मशीन के अंदर चला गया। पहला मजदूर जब वापस नहीं लौटा तो एक एक करके 8 मजदूर मशीन में चले गए और बेहोश हो गए। मिल में मौजूद कर्मियों ने फौरन फायर ब्रिगेड को बुलाया, फायर ब्रिगेड व अन्य स्टाफ ने बेहोश पड़े मजदूरों को बाहर निकाल कर अस्पताल भेजा।

धुएं की चपेट में आकर 5 मजदूरों की मौत, मृतकों की हुई पहचान
जिलाधिकारी मोनिका रानी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि राजगढ़िया राइस मिल में आज सुबह मजदूर काम कर रहे थे और धान की नमी को सुखाने के लिए मशीन चल रही थी, उसके कारण जो धुआं निकला, उससे 5 मजदूरों की मौत हो गई। सीएमएस त्रिपाठी ने बताया कि मृतकों की पहचान राजेश कुमार (26), बबलू प्रजापति (28) और गफ्फार (22) के रूप में हुई है। ये तीनों कन्नौज जिले के रहने वाले हैं, जबकि एक मृतक जहूर (60) श्रावस्ती और दूसरा बिट्टू शाह (30) मधेपुरा, बिहार का रहने वाला बताया गया है। त्रिपाठी के अनुसार, घायलों की पहचान सुरेंद्र (40) बहराइच, देवी प्रसाद (25) श्रावस्ती और सुखदेव (30) तरनतारन, पंजाब निवासी के रूप में हुई है। जिला प्रशासन ने घटना की जांच के लिए एक संयुक्त जांच दल का गठन किया है।

जांच को बना संयुक्त दल, CM योगी ने जताया शोक और दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने बताया कि संयुक्त जांच दल में मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ), सहायक श्रम आयुक्त (एएलसी), जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक (जीएम डीआईसी) और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल किए गए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने इस हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच 'एक्‍स' पर एक पोस्ट साझा कर कहा कि मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनका समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static