Flood in UP: राप्ती और सरयू नदीं में उफान से मचा हाहाकार, बाढ़ की चपेट में अवध के 200 गांव

punjabkesari.in Tuesday, Jul 09, 2024 - 11:26 AM (IST)

Flood in UP: उत्तर प्रदेश में बीते दिनों से हो रही बारिश और उत्तराखंड के बांधों से छोड़े गये लाखों क्यूसेक पानी की वजह से कई जिले प्रभावित हो गए है। नदियां भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। राप्ती और सरयू में उफान से हाहाकार मचा हुआ है। अवध में करीब 200 गांव बाढ़ की चपेट में है। इन 200 गांव में पानी घुस गया है। राप्ती नदी की बाढ़ ने श्रावस्ती और बलरामपुर के कई इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया है। गोंडा, बहराइच, अयोध्या, सीतापुर व बाराबंकी में बढ़ते पानी से हालात खराब हो गए हैं।इसी बीच मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

खतरे के निशान से ऊपर बह रही है राप्ती नदी
बलरामपुर और श्रावस्ती में राप्ती नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। श्रावस्ती में सोमवार को भी राप्ती का जल स्तर खतरे के निशान 127.70 मीटर से 40 सेमी ऊपर यानी 128.1 मीटर रहा। नदी के बढ़ते जलस्तर और बारिश की वजह से 75 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। घरों में पानी भरने लगे हैं। बाढ़ से बचने के लिए लोग छतों पर शरण लेने को मजबूर हैं। बाढ़ का पानी 99 विद्यालयों में भर गया है। पानी भरने से स्कूल बंद हो गए हैं। बच्चों की शिक्षा पर प्रभाव पड़ रहा है। नानपारा-मैलानी रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से ट्रेनों का संचालन 11 जुलाई तक रोक दिया गया है। लोगों ने नई और सुरक्षित जगह की तलाश शुरु कर दी है। वहीं,बलरामपुर में बाढ़ से 26 गांव प्रभावित हैं।

बचाव कार्य के लिए तैनात की गई SDRF की टीम
बचाव कार्य के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और पीएसी की एक-एक टीम तैनात की गयी है। प्रभावित लोगों के लिये 19 शरणालय बनाये गये हैं। श्रावस्ती में उफनाई राप्ती नदी के पानी से तीन तहसीलों के 18 गांवों के लगभग 35 हजार लोग प्रभावित हैं। बचाव कार्य के लिये एसडीआरएफ और पीएसी की एक-एक टीम तैनात की गयी है। प्रभावित लोगों को बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों से निकालने के लिये छह नौकाओं और नौ मोटरबोट की मदद ली जा रही है।

सरयू नदी भी उफान पर
बहराइच में सरयू नदी उफान पर है। नदी ने लाल निशान पार कर लिया है। चार तहसीलों नानपारा, मिहींपुरवा, महसी व कैसरगंज के 25 गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। उनपर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। अंबेडकरनगर में भी सरयू नदी का जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है। सरयू नदी अयोध्या में खतरे के निशान से महज 43 सेमी दूर है। अयोध्या-गोंडा को जोड़ने वाले ढेमवा पुल पर तेजी से कटान शुरू हो गया है। बाराबंकी में सरयू नदी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गई है। जिले के कई गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। गोंडा में सरयू खतरे के निशान से ऊपर उठ गई है। नदी निशान से 18 सेमी ऊपर बह रही है। तरबगंज तहसील क्षेत्र में ऐली परसौली के आगे तटबंध नहीं होने से दत्तनगर, बनगांव, ब्यौंदा माझा, तुलसीपुर माझा गांवों के आसपास के रास्तों पर पानी भर गया है। बारिश की वजह से यहां के हालात बिगड़ने लगे है। लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static