गीली सड़क पर सपा नेता की रफ्तार: पूर्व मंत्री विनोद यादव ने ताजी सड़क पर चढ़ाई कार, वीडियो VIRAL होते ही मचा बवाल

punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 01:41 PM (IST)

Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्य मंत्री विनोद यादव 'कक्का' का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में पूर्व मंत्री अपनी गाड़ी को एक ऐसी आरसीसी सड़क से गुजारते दिख रहे हैं, जो ताजी बनी थी और अभी पूरी तरह सूखी भी नहीं थी। इस घटना के बाद बीजेपी ने सपा पर हमला बोलते हुए इसे 'विकास विरोधी' मानसिकता बताया है, वहीं पूर्व मंत्री ने इसे विरोधियों की साजिश करार दिया है।

 

क्या है पूरा विवाद?
मामला बिधूना तहसील के रामपुर अरवा कटरा गांव का है। बताया जा रहा है कि यहां एक नई आरसीसी रोड का निर्माण हुआ था। वायरल वीडियो (जो करीब 3 दिन पुराना है) में दिख रहा है कि पूर्व मंत्री की गाड़ी उस गीली सड़क के ऊपर से गुजर रही है। आरोप है कि गाड़ी निकलने से नई बनी सड़क खराब हो गई और टायरों के निशान बन गए।

बीजेपी का तीखा प्रहार: 'गाड़ी में सपा का झंडा, तो अंदर गुंडा'
वीडियो वायरल होते ही भारतीय जनता पार्टी ने इसे मुद्दा बना लिया है। बीजेपी लखनऊ के आधिकारिक 'X' हैंडल से पोस्ट करते हुए लिखा गया कि सपा के गुंडों की करतूत विकास को कुचलने की होती है। जिस गाड़ी में सपा का झंडा लगा होता है, उसमें एक गुंडा बैठा होता है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि सपा नेता विकास कार्यों का सम्मान नहीं करते और आम जनता की सुविधाओं को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

पूर्व मंत्री की सफाई: 'विरोधियों की साजिश'
विवाद बढ़ता देख पूर्व मंत्री विनोद यादव 'कक्का' ने अपनी सफाई पेश की है। उन्होंने फोन पर बातचीत के दौरान कहा कि मैंने गाड़ी वहां से गुजारी जरूर थी, लेकिन सड़क पर टायर के निशान नहीं पड़े। मैंने खुद उतरकर चेक किया था कि सड़क खराब न हो। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके विरोधियों की रिश्तेदारी उसी गांव में है, इसलिए चुनाव नजदीक देखकर उन्हें बदनाम करने के लिए यह साजिश रची गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static