उम्र कैद की सजा काट रहे पूर्व MLA उदयभान कोरोना संक्रमित, ग्लोकल मेडिकल कालेज में भर्ती
punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2020 - 04:02 PM (IST)

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश की सहारनपुर जिला जेल में उम्र कैद की सजा काट रहे भदोई के पूर्व विधायक उदयभान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि उदयभान को कोविड अस्पताल, ग्लोकल मेडिकल कालेज में भर्ती करा दिया गया है। उदयभान सहारनपुर जेल में तीन साल से कैद हैं। पूर्व विधायक 18 अक्टूबर को प्रयागराज में एमपी एमएलए कोर्ट में पेशी पर गए थे वहां से लौटने के बाद उनकी जांच कराई गई जिसमें वे कोरोना संक्रमित पाए गए।
पूर्व विधायक को 2001 में उम्र कैद की सजा सुनाई गई थी। उनका नाम 1999 में भदोई गंज के गोपीगंज में हुए तीहरे हत्याकांड में शामिल पाया गया था। मार्च 2017 में उन्हें सहारनपुर जेल में स्थानांतरित किया गया था। इसी के साथ सहारनपुर जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान 14 संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। जिससे सहारनपुर जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8008 हो गई है।
जिले में कुल 226369 नमूनों की अभी तक जांच हुई हैं जिसमें 218312 स्वस्थ पाए गए। 7243 संक्रमित भी स्वस्थ हो गए हैं। अब केवल 603 रोगी उपचाराधीन हैं और जिले में अभी तक 111 लोगों की कोरोना संक्रमण से जान गई है।