गाजियाबाद वकील हत्याकांड में बड़ा खुलासा: जीजा ही निकला मुख्य आरोपी, बहन ने CCTV से हत्यारों को पहचाना… 3 गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Aug 31, 2023 - 04:55 PM (IST)

Ghaziabad News, (संजय मित्तल): उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की सदर तहसील के चैंबर नंबर-95 में बुधवार को वकील मनोज उर्फ मोनू चौधरी के सनसनीखेज हत्या मामले में पुलिस ने हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस केस में मृतक के जीजा सहित 5 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। इस मामले में आरोपी अमित डागर के भाई नितिन और उसके एक सहयोगी अनुज को पुलिस ने दुहाई से गिरफ्तार किया है। हत्यारोपियों ने मृतक की पत्नी को फोन करके कहा था कि आज तेरा रक्षाबंधन खराब कर देंगे और आखिर वही हुआ।
अमित और सरिता के बीच था प्रॉपर्टी का विवाद
बता दें कि चैंबर 95 में खाना खा रहे वकील मनोज की तमंचे से कनपटी पर लगा कर हत्या की गई थी। इस घटना के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सीसीटीवी के जरिए अपराधियों की खोज की। मृतक मनोज की बहन ने आरोपियों की पहचान की। मनोज उर्फ मोनू चौधरी की बहन ने बताया मेरे पति अमित डागर और उसके भाई नितिन डागर ने ही मेरे भाई की हत्या की है। बताया जा रहा है कि अमित डागर का पत्नी सरिता से विवाद चल रहा था। आरोप है कि अमित शराब के नशे में सरिता से मारपीट करता था। इसके चलते सरिता मायके में रह रही थी। यह भी गया कि अमित और सरिता के बीच प्रॉपर्टी का विवाद था। अमित ने पत्नी के नाम पर करीब 1.5 करोड़ की प्रॉपर्टी ली थी। आरोप है कि इस प्रॉपर्टी को सरिता भाई मनोज चौधरी की मदद से बेचने की कोशिश कर रही थी। इससे नाराज अमित डागर ने साले की गोली माकरकर हत्या कर दी। पहले भी उसने मोनू के परिवार पर गोली चलाई थी।
दिन के समय का इंतजार किया और मौका पाते ही मारी गोली
गौरतलब है कि अमित डागर फोन पर अक्सर धमकी देता था। रक्षा बंधन से ठीक एक दिन पहले ही चार बहनों के इकलौते भाई की गोली मार हत्या कर दी। अमित डागर और उसका भाई भी पेसे से वकील हैं। अमित डागर ग्रेटर नोएडा में तो नितिन डागर गाजियाबाद की तहसील में बैठता है। इन दोनों ने दिन के समय का इंतजार किया और मौका पाते ही गोली मारकर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में 05 आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस इन आरोपियों की तलाश में जुट गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी अमित डागर उसके भाई नितिन डागर और एक अन्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
पत्नी से विवाद में वकील भाई की हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया ब्रेजा कार के जरिए हम पहुंचे और मोनू के चैंबर में नितिन अंदर गया और उसने तमंचे से गोली मार दी अमित और अनुज बाहर मौजूद थे, जिसके बाद वहां से निकल गए। सीसीटीवी में भी इन अपराधियों की तस्वीर कैद हो गई थी। घटना करने के बाद यह ब्रेज़ा कार में बैठकर फरार हो गए। आरोपी ने बताया मेरी पत्नी के साथ मेरा विवाद था। 80 लाख की कीमत का मेरा एक प्लॉट दुहाई में और 50 से 60 लाख की कीमत का एक प्लॉट चिरंजीव विहार में था जो मैंने पत्नी के नाम कर दिया था। मेरी पत्नी अपने भाई के घर रह रही थी बार-बार बुलाने पर भी नहीं आती थी इसलिए हमने एक दिन पहले प्लान बनाया और उसके भाई की हत्या कर दी। तहसील परिसर के चैंबर नंबर 95 में इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी जीजा रिश्तों के बंधन को तोड़कर मौत की सौगात दे गया। साथ ही साथ एक खून के रिश्तों में जिंदगी भर की रंजिश और खामोशी दे गया।