महिला को गले लगाने वाले गोंडा BJP जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप से छिनी कुर्सी, पार्टी से भी निकाले गए; कहा था- मैंने तो सिर्फ सहारा दिया...
punjabkesari.in Wednesday, Jun 11, 2025 - 02:20 PM (IST)

Gonda News: यूपी में बीजेपी ने बड़ा एक्शन लेते हुए गोंडा के जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को पद से बर्खास्त करते हुए बीजेपी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। उनका एक महिला के साथ वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वह पार्टी दफ्तर के अंदर रात के अंधेरे में महिला को गले लगाते और उसके बाद अकेली महिला के साथ सीढ़ियों से ऊपर जाते हुए नजर आए थे।
स्पष्टीकरण संतोषजनक ना होने पर पार्टी ने कार्रवाई की
बता दें कि वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी ने अमर किशोर कश्यप से स्पष्टीकरण मांगा था। स्पष्टीकरण संतोषजनक ना होने पर पार्टी ने ये कार्रवाई की है। जैसे ही प्रदेश अध्यक्ष की तरफ से किशोर कश्यप को बीजेपी से निष्कासन का लेटर जारी हुआ, पूरे जिले में यह खबर चर्चा का विषय बन गई। अब जल्द ही गोंडा को भारतीय जनता पार्टी की तरफ से नया जिला अध्यक्ष मिलेगा।
महिला को गले लगाते हुए बाहों में भरने का वीडियो हुआ था वायरल
दरअसल, 25 मई को एक सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ था जो 12 अप्रैल का गोंडा के भारतीय जनता पार्टी कार्यालय का था। इस फुटेज में पार्टी कार्यालय का गेट खोलकर एक व्यक्ति चार पहिया गाड़ी से अंदर आता है। बताया गया वह व्यक्ति गोंडा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप ही हैं। उनके पीछे एक महिला भी अंदर आती है और जिलाध्यक्ष उसको ऊपर लेकर जाते हैं। वहां उस युवती के कंधे पर हाथ रखने के बाद गले लगाते हुए बाहों में भर लेते हैं।
सिर्फ महिला को 'सहारा' दिया था...
वहीं वीडियो सामने आने पर कश्यप ने सफाई दी थी कि उन्होंने सिर्फ महिला को 'सहारा' दिया था, क्योंकि उसे चक्कर आ रहा था। भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप ने कहा था कि वीडियो में वह एक महिला कार्यकर्ता के साथ हैं। महिला कार्यकर्ता को चक्कर आ गया था और उन्होंने सिर्फ उसकी मदद की थी। महिला कार्यकर्ता ने भी सामने आकर स्वीकार किया था कि जिलाध्यक्ष ने उसकी मदद की। इस मामले में वीडियो वायरल करके छवि धूमिल करने के आरोप में महिला ने मुकदमा भी दर्ज कराया है।