Gorakhpur: बच्चों पर फिर उमड़ा CM योगी का प्यार, चॉकलेट बांटकर जताया लाड, माताओं से कही ये बात

punjabkesari.in Sunday, Nov 06, 2022 - 07:11 PM (IST)

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनकल्याण के कामों में किसी तरह की कोताही न बरती जाये। जिन जरुरतमंदों के राशन कार्ड नहीं हैं, उनके तत्काल राशन कार्ड बनवाये जायें।       
PunjabKesari
योगी ने जनता दर्शन में मिलने आये फरियादियों की समस्याओं का समाधान करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज के लिए किसी को भटकना न पड़े। सरकारी अस्पतालों में निशुल्क जांच, इलाज एवं दवाओं की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि यदि कोई गंभीर बीमारी से पीड़ित है तो उसके उच्च स्तरीय इलाज में सरकारी आर्थिक सहायता के लिए इस्टीमेट की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाए। सरकार जनकल्याण के संकल्प की बुनियाद पर खड़ी है, इसलिए जनकल्याण के कार्यों में कोताही किसी भी दशा में नहीं होनी चाहिए। जन समस्याओं का निस्तारण शीघ्रता से और सन्तुष्टिपरक होना चाहिए।       
PunjabKesari
मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब ढाई घंटे फरियादियों के बीच बिताये। कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक वह खुद पहुंचे। बड़े इत्मिनान से उनकी समस्याओं को सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि हर समस्या का निस्तारण किया जायेगा। जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब एक हजार लोगों की फरियाद सुनी। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, खासकर अल्पसंख्यक समुदाय की महिलायें मौजूद रहीं।       
PunjabKesari
अल्पसंख्यक समुदाय की एक महिला ने योगी से खराब आर्थिक स्थिति का हवाला देकर रोजगार दिलाने की गुहार की। साथ ही बताया कि उसके पास राशन काडर् भी नहीं है। मुख्यमंत्री ने उसे आश्वस्त किया कि राशन काडर् भी बनेगा और काम की व्यवस्था भी कराई जाएगी। इसे लेकर उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही निर्देशित भी किया। एक अन्य अल्पसंख्यक महिला ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की फरियाद की। योगी ने उसे भरोसा दिलाया कि पैसे के अभाव में इलाज नहीं रुकने पाएगा। अस्पताल का इस्टीमेट मिलते ही धन उपलब्ध करा दिया जाएगा। कुछ फरियादियों ने जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा किए जाने या मकान निर्माण में बाधा डालने की शिकायत की। इस पर योगी के तेवर सख्त हो गए। उन्होंने पुलिस अफसरों को हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी गरीब की जमीन पर कब्जा करने वालों को करारा सबक सिखाया जाए। कोई अपनी भूमि पर निर्माण करा रहा हो तो बेवजह बाधा डालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाए।
PunjabKesari
मुख्यमंत्री ने हर फरियादी को यह भरोसा दिया कि उनके रहते किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। उनकी सभी समस्याओं का निस्तारण करना सरकार की प्राथमिकता है। जनता दर्शन में अपने परिजनों के साथ आए बच्चों को दुलारते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें चॉकलेट दिया। उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा। एक बच्चे ने स्कूल न जाने की बात कही। इस पर मुख्यमंत्री ने उसकी माता को समझाते हुए कहा कि बेहतर भविष्य के लिए बच्चे को स्कूल अवश्य भेजिए। सरकार ने मुफ्त शिक्षा के साथ बैग, कॉपी-किताब, यूनिफॉर्म, जूता-मोजा सबकी व्यवस्था कर रखी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Related News

static