मातम में बदली तिलक समारोह की खुशियां: आगरा में सिलेंडर में लगी आग, दो महिलाएं जिंदा जलीं
punjabkesari.in Sunday, Feb 19, 2023 - 10:25 PM (IST)

आगरा: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में आगरा (Agra) जिले के सिकंदरा क्षेत्र में रविवार को लगुन समारोह के लिए खाना तैयार करते समय सिलेंडर में भीषण आग लग गई। आग में झुलस कर दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि हलवाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना से घर में चीख पुकार मच गई। घटना सिकंदरा थाना क्षेत्र की है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बाई का बाजार सुंदरवन निवासी मदन कुमार के बेटे की आज लगुन-सगाई का कार्यक्रम था। शाम को कार्यक्रम होना था। इसके लिए खाना तैयार करने को हलवाई लगे हुए थे। हलवाई मदन कुमार पड़ोसी पंकज के घर में काम कर रहे थे। सुबह करीब साढ़े 11 बजे अचानक से सिलेंडर में आग लग गई। सिलेंडर से आग की लपटें उठने लगीं। आग ने सिलेंडर के पास में सब्जी काट रहीं महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों महिलाएं हलवाई कैलाश के साथ आई थीं।
मदन कुमार के घर पर बेटे के तिलक समारोह की तैयारी चल रही थी। आग लगने से परिवार की खुशियां गम में बदल गईं। दोनों महिलाएं नगला बूढ़ी की बताई जा रही हैं। थाना प्रभारी सिकंदरा आनंद कुमार शाही ने बताया कि सिलेंडर में लीकेज से आग लग गई थी। इसकी चपेट में आकर दो महिलाओं की मौत हो गई है। दोनों हलवाई के साथ पूड़ी बेलने के लिए आई थीं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।