तेज रफ्तार बनी मौत की वजह: ट्रेलरों की टक्कर के बाद लगी आग, तीन की दर्दनाक मौत
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 03:46 PM (IST)
बांदा: उत्तर प्रदेश बांदा जिले के मटौंध थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब दो तेज रफ्तार ट्रेलरों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। भीषण सड़क हादसे में ड्राइवर और क्लीनर समेत तीन लोगों की जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, एक ट्रेलर कबरई से गिट्टी लेकर आ रहा था, तभी क्रॉसिंग के पास सामने से आ रहे खाली ट्रेलर से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीन लोग जिंदा जल चुके थे।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं गंभीर रूप से घायल खलासी को इलाज के लिए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

