बहू ने सास को 30 सेकंड में मारे कई थप्पड़, CCTV में कैद हुई घटना

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 06:07 PM (IST)

गोंडा (ओम चन्द शर्मा ): उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से घरेलू विवाद का एक मामला सामने आया है, जहां एक महिला पर अपने लोको पायलट पति और सास के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में मारपीट की घटना कैद हो गई है। पीड़ित सास ने पुलिस को फुटेज सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

फेसबुक के जरिए हुई दोस्ती फिर की शादी 
मामला नवाबगंज थाना क्षेत्र के रींवा गांव का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले गिरीश चंद्र मौर्या सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में उनकी पत्नी सरिता देवी, बेटा बृजेश मौर्या और बेटी बिंदू हैं। बताया जा रहा है कि बृजेश मौर्या कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर लोको पायलट के पद पर तैनात है। सरिता देवी के मुताबिक उनके बेटे ने 14 फरवरी 2025 को फेसबुक के जरिए हुई दोस्ती के बाद सोनी गुमटी की रहने वाली अनीता नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था।

मारपीट की घटना  सीसीटीवी में कैद 
शादी के बाद बृजेश कुछ समय तक कानपुर में ही रहा। करीब छह महीने बाद वह अपनी पत्नी को लेकर गांव स्थित घर आया। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में परिवार के साथ बहू का व्यवहार बदलने लगा। सास का आरोप है कि बहू अक्सर उनसे विवाद करती है और अलग रहने की जिद को लेकर मारपीट भी करती है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी एक घटना रिकॉर्ड हुई है, जिसमें महिला अपने पति के साथ मारपीट करती नजर आ रही है। वहीं चार दिन बाद उसने सास को भी थप्पड़ मार दिए।

बहू के खिलाफ कार्रवाई की मांग 
सरिता देवी का कहना है कि बहू ने मारपीट कर उन्हें और उनके पति को घर से बाहर निकाल दिया है। उन्होंने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंपकर बहू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static