Honey Singh के साथ डांस करते दिखे BJP विधायक, सिंगर के गानों पर जमकर थिरके MLA; धमाकेदार शो में 35 हजार से अधिक फैंस झूमे
punjabkesari.in Sunday, Nov 23, 2025 - 04:13 PM (IST)
लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर में शनिवार की रात संगीत, ऊर्जा और उत्साह का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। आशियाना स्थित स्मृति उपवन में आयोजित युवा उत्सव सरोजनीनगर में देश के लोकप्रिय स्टार सिंगर और रैपर यो-यो हनी सिंह ने अपनी धमाकेदार परफॉर्मेंस से हजारों युवाओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में मौजूद बीजेपी विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह भी हनी सिंह के साथ मंच पर थिरकते दिखाई दिए, जिससे माहौल और भी जीवंत हो उठा।
सुपरहिट गानों पर थिरका पूरा लखनऊ
जैसे ही हनी सिंह ने अपने हिट सॉन्ग ‘मिलिनेयर’ के साथ मंच पर कदम रखा, पूरा परिसर तालियों, शोर और उत्साह से गूंज उठा। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक अपने सुपरहिट ट्रैक्स - डोप शोप, ब्लू है पानी पानी, ब्राउन रंग, लाल परी, और ब्लू आइस पेश कर दर्शकों में ऊर्जा का नया संचार कर दिया। कार्यक्रम का सबसे पसंदीदा और भावुक पल तब आया जब उन्होंने अपना लोकप्रिय गीत ‘हाय मेरा दिल गया’ गाया। इस गाने पर दर्शकों ने सबसे ज़्यादा तालियां और प्यार लुटाया।
हनी सिंह ने युवाओं को दी नशे से दूर रहने की नसीहत
परफॉर्मेंस के दौरान हनी सिंह मंच पर विधायक राजेश्वर सिंह का हाथ पकड़कर उन्हें साथ ले आए। दोनों ने साथ में डांस किया, जिससे दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट और बढ़ गई। मंच से संबोधित करते हुए हनी सिंह ने युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील की और उनसे वादा करवाया कि वे किसी भी तरह का नशा नहीं करेंगे। उन्होंने बताया कि सरोजनीनगर के विधायक राजेश्वर सिंह से उनके पारिवारिक रिश्ते हैं और अक्सर दोनों की मुलाकातें मॉर्निंग वॉक के दौरान होती रही हैं।

