करवा चौथ से पहले हैवान बना पति; पांच माह की गर्भवती पत्नी के पेट में घोंप दिया चाकू, गर्भस्थ शिशु की मौत...जिंदगी से लड़ रही महिला

punjabkesari.in Thursday, Oct 09, 2025 - 04:29 PM (IST)

मुरादाबाद: यूपी के मुरादाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर एक करवा चौथ से पहले एक पति हैवान बन गया। उसने अपनी  पांच महीने की गर्भवती पत्नी के पेट में चाकू घोंप दिया। जिससे महिला बुरी तरह से घायल हो गई और पेट में पल रहे शिशु की भी मौत हो गई। महिला की हालत भी काफी गंभीर है। उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। 

जानिए क्या है पूरा मामला 
यह पूरा मामला अब्दुल्लापुर लेदा गांव का है। दरअसल, बिजनौर जिले के रेहड़ थाना क्षेत्र के हरकिशनपुर निवासी रामकुमार सिंह ने बताया कि उनकी बेटी ममता (25) की शादी 12 फरवरी 2022 को ठाकुरद्वारा के अब्दुल्लापुर लेदा गांव निवासी यशपाल सिंह के साथ की थी। उन्होंने बताया कि शादी के बाद उसका पति और ससुराल वाले उसे दहेज के लिए तंग करते थे। उसके साथ मारपीट करते थे। 

दो लाख लेकर आने के बनाया दवाब 
पीड़ित पिता ने बताया कि जेठ शिवराज सिंह भी उसके साथ मारपीट करता रहता था। आरोप है कि छह अक्तूबर की सुबह यशपाल ने ममता पर दबाव बनाया है कि वह अपने मायके से दो लाख रुपये लेकर आए। बेटी ने इस बात का विरोध किया। जिसके बाद पति भड़क गया और उसके पेट में चाकू मार दिया। जिससे बेटी बुरी तरह से घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर मायके वाले मौके पर आ गए और वह घायल महिला को काशीपुर ले गए और अस्पताल में भर्ती करा दिया लेकिन उसका पति और ससुराल वाले वहां नहीं पहुंचे।    

बच्चे की हुई मौत 
पिता ने बताया कि बेटी की हालत गंभीर होने पर उसे मुरादाबाद अस्पताल में भर्ती किया गया। यहां पर चेकअप के दौरान पता चला कि बच्चे की पेट में ही मृत्यु हो गई है। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर मृत बच्चे को निकाला। बेटी की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। वहीं, पुलिस ने तहरीर के बाद आरोपी पति और ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।   


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static