स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर कड़ी चौकसी, आने जाने वाले पर रखी जा रही नजर
punjabkesari.in Friday, Aug 12, 2022 - 04:30 PM (IST)
बस्ती: उत्तर प्रदेश में बस्ती परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक आरके भारद्वाज ने कहा है कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। भारद्वाज ने शुक्रवार को बताया कि बस्ती परिक्षेत्र के सिद्धार्थनगर जिले की सीमा से सटे नेपाल बार्डर पर सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) द्वारा चौकसी बरत रही है। उन्होंने यूनीवार्ता को बताया कि जनपद की सीमा नेपाल से जुड़ी हुई है इसलिये खुली सीमा होने के चलते सुरक्षा को लेकर कड़ी निगरानी रखी जाती है। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हर आने जाने वाले पर नजर रखी जा रही है।

उन्होंने बताया कि बीएसएफ के जवान बॉर्डर के साथ आसपास के इलाकों पर नजर बनाये हुए है। उन्होंने बताया कि एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सीमा से सटे गांवों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। सीमा से गुजरने वाले वाहनों की सघन चेकिंग हो रही है तथा उनके आने-जाने का कारण पूछ कर रजिस्टर पर दर्ज किया जा रहा है। भारद्वाज ने कहा कि बॉर्डर पर सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह से सक्रिय है। सीमावर्ती गांव में पुलिस बल की गश्ती बढ़ा दी गयी है। समस्त थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिये गये हैं।

उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये समाज में भय और आतंक पैदा करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित करके उनके विरुद्ध निषेधात्मक कार्यवाही की जा रही है। सड़क दुर्घटनायें रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अवैध शराब के कारोबारियों के विरुद्ध गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्यवाही की जा रही है।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
ShivaSharmaCase: श्रद्धा दुबे के बॉयफ्रेंड आमिर को STF ने किया गिरफ्तार, नेपाल भगाने में मदद का आरोप

