Instagram बच्चों ने देखी गंदी REEL और फिर...45 लाख फॉलोअर्स वाली इस इन्फ्लुएंसर पर FIR दर्ज

punjabkesari.in Thursday, Jan 15, 2026 - 04:02 PM (IST)

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा से सोशल मीडिया पर फैल रही अश्लील सामग्री और उसके बच्चों पर पड़ने वाले असर को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। ताजनगरी की एक जागरूक महिला ने एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के खिलाफ साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। दरअसल, महिला के बच्चे फोन चला रहे थे, तभी एक गंदी रील उनके फीड में आ गई। जिसे देखने के बाद महिला काफी भड़क गई और उसने इन्फ्लुएंसर के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया। 

जानें पूरा मामला 
यह मामला ताजगंज क्षेत्र की रहने वाली रूबी तोमर ने दर्ज कराया है। वो आयुर्वेदिक दवाओं की सप्लाई का काम करती हैं। रूबी का आरोप है कि इंस्टाग्राम पर एक यूजर आईडी के जरिए लगातार अश्लील और आपत्तिजनक वीडियो डाले जा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इन वीडियो पर लाखों लोग देख चुके हैं और बड़ी संख्या में लोग उस अकाउंट को फॉलो भी कर रहे हैं। इन वीडियो पर 14-14 मिलियन (1.4 करोड़) तक व्यूज हैं। 

जानिए कैसे बढ़ा मामला 
बताया जा रहा है कि यह मामला 4 जनवरी को सामने आया, जब रूबी तोमर काम से कमला नगर स्थित एक ब्यूटी पार्लर गई थीं। वहां मौजूद एक महिला मोबाइल पर रील देख रही थी। इसी दौरान अचानक एक अश्लील रील चलने लगी। उस समय रूबी ने इसे नजरअंदाज कर दिया। लेकिन, मामला तब बढ़ गया, जब अगले दिन उसके बच्चे घर पर मोबाइल देख रहे थे। बच्चे सामान्य वीडियो देख रहे थे, लेकिन सोशल मीडिया एल्गोरिदम के चलते वही आपत्तिजनक वीडियो उनके मोबाइल पर भी आ गया। यह देखकर रूबी ने तुरंत बच्चों से फोन ले लिया।

साइबर थाने में दर्ज कराई शिकायत
बच्चों से मोबाइल छीनने के बाद रूबी ने उस इंस्टाग्राम अकाउंट को ध्यान से देखा, तो पाया कि उसमें मौजूद लगभग सभी वीडियो अश्लील इशारों और आपत्तिजनक भाषा से भरे हुए हैं। वीडियो का ऑडियो और कमेंट्स भी बेहद शर्मनाक थे। रूबी तोमर ने इस मामले को हल्के में नहीं लिया और साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि इस तरह का कंटेंट समाज की मर्यादा को नुकसान पहुंचा रहा है और बच्चों के मानसिक विकास पर गलत असर डाल रहा है।

कौन है सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर 
जानकारी के मुताबिक, जिस सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के खिलाफ शिकायत की गई है, वह आगरा के कमला नगर क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। उसकी दो इंस्टाग्राम आईडी बनी है। दोनों इंस्टाग्राम आईडी पर लगभग 4.50 लाख फॉलोअर्स हैं। फेसबुक पर भी 10 हजार फॉलोअर्स है। वीडियो में कई ऐसे कमेंट हैं, जो लिखे या दिखाए नहीं जा सकते हैं। इस यूजर आईडी पर एक महिला आपत्तिजनक सामग्री ऑडियो के साथ वीडियो और रील बना रही है। महिला ने यूजर आईडी चलाने वाले पर जल्द कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।   
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static