केशव प्रसाद मौर्य बोले- मैनपुरी अब सपा का नहीं बल्कि भाजपा का गढ़ कहा जाएगा
punjabkesari.in Wednesday, Nov 16, 2022 - 06:16 PM (IST)

एटा: मैनपुरी लोकसभा सीट पर 5 दिसंबर को उपचुनाव होने हैं। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने आज मैनपुरी लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल कर दिया। वहीं बीजेपी भी सपा के अभेद्य किले पर विजय हासिल करने के लिए अथक प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में यूपी के केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को एटा पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस लाइन स्थित सभागार में कुछ विभागों के अधिकारियों से बैठक की। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि अब मैनपुरी भी भाजपा मय होने जा रही है। बता दें कि 1996 से इस सीट पर समाजवादी पार्टी का कब्जा है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मैनपुरी अब सपा का नहीं बल्कि भाजपा का गढ़ कहा जाएगा। लोकसभा के उपचुनाव में इस बार इतिहास बदलेगा और भाजपा प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि शिवपाल अगर सहयोग करना चाहते हैं तो करें, जो हमारा सहयोग करेगा, उसके हम आभारी रहेंगे। शिवपाल यादव की पार्टी में रहे भाजपा प्रत्याशी को लेकर किए गए सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रत्याशी अब भाजपा का है, जो सहयोग करेगा, उसका हम स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि जैसे हमने रामपुर, आजमगढ़, गोला का उप चुनाव जीता, वैसे ही मैनपुरी का चुनाव भी जीतेंगे। सैफई परिवार में विघटन को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि शिवपाल अगर सहयोग करना चाहते हैं तो कर सकते हैं। मोदी और योगी सरकार ने जनता के लिए इतने काम किए हैं कि वह हमारे पक्ष में है। उन्होंने कहा कि हम राष्ट्रवाद के मुद्दे पर चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा की पहचान ही राष्ट्रवाद से है।
इस केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट भी किया है। उन्होंने लिखा कि अखिलेश जी कहते हैं कि मैनपुरी हमारी परंपरागत सीट है, हमारा गढ़ है। अखिलेश यादव जी भूल गए कि अब पूरा प्रदेश बीजेपी का गढ़ है। हर गढ़ में हराया है, इसमें भी हराएंगे।
अखिलेश जी कहते हैं कि मैनपुरी हमारी परंपरागत सीट है, हमारा गढ़ है. अखिलेश यादव जी भूल गये कि अब पूरा प्रदेश बीजेपी का गढ़ है. हर गढ़ में हराया है, इसमें भी हरायेंगे. pic.twitter.com/lzg7sfhuVK
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) November 16, 2022