Lakhimpur Kheri News: पति ने गर्लफ्रेंड के लिए काटी पत्नी की नाक, फिर उसे जेब में रखकर मौके से हुआ फरार
punjabkesari.in Monday, Jul 03, 2023 - 12:44 PM (IST)

Lakhimpur Kheri News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने गर्लफ्रेंड के लिए अपनी पत्नी की नाक काट दी। आरोपी युवक ने नाक काटने के बाद उसको अपनी जेब में रखा और फिर मौके से फरार हो गया। पीड़ित पत्नी ने आरोपी पति के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस आरोपी पति को ढूंढना शुरु किया और जल्द ही उसे गिरफ्तार भी कर लिया।
पति ने गर्लफ्रेंड के लिए काटी पत्नी की नाक
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बांसताली गांव के निवासी विक्रम की शादी कुछ साल पहले मोहम्मदाबाद गांव की रहने वाली सीमा देवी के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों के 2 बच्चे भी हुए। लेकिन इसी दौरान विक्रम का अफेयर गांव की ही दूसरी महिला से शुरू हो गया। जब इस बात की भनक पत्नी सीमा को लगी तो उसने इस बात का विरोध किया। जिसके बाद दोनों पति-पत्नी के बीच हर रोज झगड़ा और कहासुनी होने लगी। बीते शनिवार की रात लगभग 8 बजे दोनों के बीच फिर इसी बात को लेकर झगड़ा हो गया।
पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर किया गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि पत्नी से झगड़े के दौरान विक्रम ने अपनी बेटी को पीटना शुरु कर दिया। बेटी के पिटता देख पत्नी सीमा बीच-बचाव करने लगी। तभी गुस्साए पति ने धारदार हथियार से सीमा की नाट काट डाली और उसे अपनी जेब में रखकर वहां से फरार हो गया। लहूलुहान पत्नी उसी हालत में थाने पहुंची और पति के खिलाफ FIR दर्ज करवा दी। पुलिस ने पीड़ित पत्नी सीमा देवी की तहरीर पर आरोपी पति विक्रम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इसके बाद पुलिस ने सीमा देवी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया जहां उसका इलाज चल रहा है।