Lok Sabha Election: इस बार प्रयागराज से चुनाव लड़ सकते है अभिषेक बच्चन, मैदान में उतारने के लिए सपा कर रही तैयारी!
punjabkesari.in Saturday, Jul 15, 2023 - 01:41 PM (IST)

Lok Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश में अगले साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी है। भाजपा और समाजवादी पार्टी ने तो चुनाव में 80 की 80 सीटों को जीतने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए दोनों पार्टियां तैयारी कर रही है। इसी बीच जानकारी मिली है कि अब समाजवादी पार्टी इलाहाबाद संसदीय सीट से महानायक अमिताभ बच्चन के पुत्र अभिषेक बच्चन को यहां से चुनाव लड़ाने की तैयारी कर रही है। इसी के मद्देनजर सपा मुखिया अखिलेश यादव बहुत जल्द अभिषेक बच्चन से मुलाकात कर सकते है।
बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 अगले साल होने वाले है। इस चुनाव में इस बार अभिषेक बच्चन के सपा की तरफ से चुनाव लड़ने की चर्चा है। पार्टी के प्रदेश नेतृत्व द्वारा इस संबंध में स्थानीय पदाधिकारियों से फीडबैक भी लिया जा रहा है। चर्चा है कि इस संबंध में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जल्द ही मुंबई जाकर अमिताभ बच्चन और राज्यसभा सदस्य जया बच्चन से मुलाकात कर सकते हैं। माना जा रहा है कि अगर सपा की तरफ से इस बार अभिषेक बच्चन चुनाव लड़ते हैं तो चुनाव काफी दिलचस्प हो जाएगा। क्योंकि वो महानायक अमिताभ बच्चन के पुत्र और एक नायक है। वो लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है।
इससे पहले इलाहाबाद संसदीय सीट पर कांग्रेस की तरफ से 1984 में अमिताभ बच्चन ने भी लोकसभा चुनाव लड़ा था और जीता भी था। तब उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं तब के दिग्गज नेता हेमवती नंदन बहुगुणा को शिकस्त देेकर हर किसी को चौंका दिया था। उक्त चुनाव में अमिताभ को 68 फीसदी वोट मिले, जबकि बहुुगुणा के खाते में 25 फीसदी वोट आए थे। अब सपा फिर से प्रयागराज में ऐसा ही माहौल बनाने की कोशिश में है। अगर बीजेपी वर्तमान सांसद डाॅ. रीता बहुगुणा जोशी को टिकट देती है सपा अभिषेक बच्चन को टिकट देगी। 1984 में भी डाॅ.रीता के पिता हेमवती नंदन बहुगुणा ने लोकदल से एवं कांग्रेस से महानायक अमिताभ बच्चन ने चुनाव लड़ा था और इस बार अभिषेक बच्चन और डाॅ.रीता आमने सामने हो सकते है। दोनों का एक दूसरे से मुकाबला होगा और चुनाव दिलचस्प हो जाएगा।