लखनऊ में महासंग्राम! विधानसभा घेरने निकले कांग्रेसी, कई दिग्गज नेता नजरबंद; योगी सरकार के खिलाफ हल्ला बोल
punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 12:32 PM (IST)
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में आज मनरेगा के मुद्दे और बढ़ते अपराध को लेकर सियासत का पारा चरम पर है। कांग्रेस पार्टी ने आज राजधानी लखनऊ में विधानसभा घेराव का बड़ा एलान किया है। इस प्रदर्शन को रोकने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है, जिसके चलते कई कांग्रेस नेताओं को उनके घरों में ही नजरबंद (House Arrest) कर दिया गया है।
अजय राय और अविनाश पांडेय के नेतृत्व में 'मार्च'
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता आज सुबह पार्टी मुख्यालय से विधानसभा की ओर कूच करेंगे। इस विरोध प्रदर्शन में विपक्षी एकता और ताकत दिखाने के लिए कांग्रेस के कई दिग्गज शामिल हो रहे हैं:-
- अविनाश पांडेय: पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी।
- आराधना मिश्रा 'मोना': नेता विधानमंडल दल।
- वीरेंद्र चौधरी: विधायक, और कई सांसद व पूर्व मंत्री।
लखनऊ छावनी में तब्दील, कार्यकर्ताओं की धरपकड़
कांग्रेस का आरोप है कि योगी सरकार इस प्रदर्शन से डर गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश भर से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रात पार्टी दफ्तर में ही गुजारी ताकि वे सुबह प्रदर्शन में शामिल हो सकें। जिलों से लखनऊ आ रहे कई कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोका गया है और कई बड़े पदाधिकारियों को उनके आवासों पर नजरबंद कर दिया गया है। विधानसभा और कांग्रेस मुख्यालय के आसपास भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है ताकि मार्च को रोका जा सके।
सरकार पर गंभीर आरोप- 'अपराधियों को संरक्षण और गरीबों पर वार'
कांग्रेस ने इस प्रदर्शन के जरिए सरकार को घेरते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। पार्टी ने आरोप लगाया कि योगी सरकार जाति और धर्म के आधार पर दलितों, अल्पसंख्यकों और गरीबों को निशाना बना रही है। मनरेगा श्रमिकों के बकाया और उनकी बदहाली को कांग्रेस ने आज अपना मुख्य चुनावी मुद्दा बनाया है।

