भक्ति में डूबे किंग कोहली! IPL के महासंग्राम से पहले अनुष्का संग पहुंचे वृंदावन; जमीन पर बैठकर प्रेमानंद महाराज से लिया जीत का मंत्र!
punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 02:39 PM (IST)
Mathura News: भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा एक बार फिर भक्ति के रंग में रंगे नजर आए। मंगलवार (17 फरवरी) की सुबह यह स्टार कपल वृंदावन पहुंचा, जहां उन्होंने प्रख्यात संत प्रेमानंद महाराज जी के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया। आईपीएल 2026 के आगाज़ से पहले विराट की इस आध्यात्मिक यात्रा को उनके मानसिक सुकून और नई ऊर्जा से जोड़कर देखा जा रहा है।
भोर में पहुंचे आश्रम, सादगी ने जीता दिल
विराट और अनुष्का सुबह करीब 5:30 बजे वृंदावन स्थित 'केली कुंज आश्रम' पहुंचे। चकाचौंध से दूर, दोनों ने बेहद सादगी के साथ जमीन पर बैठकर महाराज जी के प्रवचन सुने। करीब एक घंटे तक चली इस एकांतिक वार्ता में दोनों पूरी तरह भक्ति भाव में डूबे नजर आए। इससे पहले की मुलाकातों की तरह इस बार भी विराट और अनुष्का काफी भावुक दिखे। उन्होंने महाराज जी से जीवन और अध्यात्म पर चर्चा की।
लंदन से वापसी और आईपीएल की तैयारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विराट कोहली हाल ही में लंदन में समय बिताने के बाद मुंबई लौटे थे। भारत वापस आते ही उन्होंने सबसे पहले ठाकुर जी की शरण में जाना उचित समझा। विराट अब जल्द ही IPL 2026 के मैदान पर उतरेंगे। इस बार उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर अपने खिताब को बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में विराट ने 80 की औसत से 240 रन बनाकर फॉर्म में होने के संकेत दे दिए हैं।
वृंदावन से पुराना नाता
विराट और अनुष्का के लिए वृंदावन और प्रेमानंद महाराज जी के प्रति अटूट आस्था नई नहीं है। पिछले साल इस कपल ने तीन बार वृंदावन का दौरा किया था। मई 2025 में विराट के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के अगले ही दिन दोनों महाराज जी का आशीर्वाद लेने पहुंचे थे। इसके अलावा जनवरी और दिसंबर में भी वे परिवार सहित यहां आए थे।
फैंस का उमड़ा हुजूम
जैसे ही लोगों को खबर लगी कि विराट-अनुष्का आश्रम में हैं, प्रशंसकों की भारी भीड़ केली कुंज के बाहर जमा हो गई। दर्शन के बाद जब वे वापस निकलने लगे, तो उनकी गाड़ी जाम में फंस गई। फैंस अपने चहेते सितारे की एक झलक पाने के लिए बेताब दिखे।

